दिल्ली-NCR से UP-बिहार तक बदलने वाला है मौसम, कई राज्यों में तो भारी बारिश का अलर्ट
आईएमडी का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 24 से 28 अप्रैल के दौरान गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बर्फबारी की भी संभावना है।

IMD Rain Alert: देश के एक बड़े हिस्से में गर्मी और लू ने दस्तक दे दी है। हालांकि, मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में राहत की उम्मीद जताई है। आईएमडी का कहना है कि दिल्ली एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार तक का मौसम बदलने वाला है। इस दौरान तेज हवाएं और बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। आईएमडी ने इसके लिए उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने को कारण माना है।
आईएमडी का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 24 से 28 अप्रैल के दौरान गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान बर्फबारी की भी संभावना है। इस दौरान हवा की गति 30-50 किमी/घंटा रह सकती है। मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 26 से 28 अप्रैल के बीच धूलभरी तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) के साथ हल्की छिटपुट बारिश होने का अनुमान है। इससे लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 25 से 28 अप्रैल के दौरान बहुत अधिक बारिश का अलर्ट जारी किया है। असम और मेघालय में 26 अप्रैल को 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी-तूफान आने की आशंका है। महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में 24 अप्रैल तक ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
आईएमडी का कहना है कि पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में 24 से 26 अप्रैल के बीच तेज आंधी (50-60 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। झारखंड और ओडिशा में भी छिटपुट वर्षा हो सकती है।
रात में बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार 23 से 25 अप्रैल के बीच ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल के गंगा मैदानी इलाके, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक और गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है।
UP के 13 जिलों में हीटवेव
उत्तर प्रदेश के आगरा, प्रयागराज, वाराणसी समेत 13 जिलों में हीट इंडेक्स यानी ताप सूचकांक 40 से 50 डिग्री रहा। 43.7 डिग्री के साथ प्रयागराज प्रदेश के सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान वाला जिला रहा। इसके अलावा बांदा में 43.8, सुलतानपुर में 43.3, आगरा में 43 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
राजस्थान में गर्मी और बढ़ेगी
राजस्थान में गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है। बुधवार को राज्य के कई हिस्सों में तापमान 42 डिग्री के पार पहुंच गया। झुंझुनूं के पिलानी में पारा 42.7 डिग्री सेल्सियस पहुंचा। चित्तौड़गढ़ में 42.6 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पारे में और बढ़ोतरी की आशंका जताई है।
सिक्किम में बर्फबारी
सिक्किम में हुई भारी बर्फबारी के कारण भीषण जाम में फंसे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारतीय सेना ने सुरक्षित बचाया। अफसरों ने बुधवार को बताया, जवानों ने जनरल रिजर्व इंजीनियर फोर्स और सिक्किम पुलिस की मदद से मंगलवार शाम को बचाव अभियान शुरू किया। खराब मौसम और कठिन परिस्थितियों के बीच यह अभियान चलाया गया। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित गंगटोक वापस पहुंचाया गया।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन