aaj ka mausam 15th April IMD weather and rain forecast mausam samachar बिहार में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, झारखंड-हिमाचल में भी होगी बारिश; जानें नई तारीख, Weather Hindi News - Hindustan
More

बिहार में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, झारखंड-हिमाचल में भी होगी बारिश; जानें नई तारीख

Aaj Ka Mausam 15th April: अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं।

Wed, 15 April 2026 08:07 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
बिहार में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, झारखंड-हिमाचल में भी होगी बारिश; जानें नई तारीख

Aaj Ka Mausam 15th April: देश के मौसम में इस समय कई तरह के बदलाव एक साथ देखे जा रहे हैं। एक ओर पूर्वोत्तर भारत में चक्रवाती हवाओं का असर है, वहीं दूसरी ओर मध्य और दक्षिण भारत के राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में कई चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। उत्तर-पूर्व बिहार और उसके आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा, मध्य असम के ऊपर भी एक सिस्टम सक्रिय है। उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश से लेकर मणिपुर तक एक ट्रफ रेखा गुजर रही है। उत्तर-पूर्व बिहार से लेकर दक्षिण तमिलनाडु तक एक अन्य ट्रफ रेखा झारखंड, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के ऊपर से गुजर रही है।

मौसम एजेंसी स्काइमेट वेदर के मुताबिक, 15 अप्रैल की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके कारण पहाड़ी इलाकों के मौसम में बदलाव आएगा।

आपको बता दें कि बीते 24 घंटों के दौरान देश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य हिस्सों में पारा 40 डिग्री के पार रहा। सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और आंतरिक कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश हुई। रायलसीमा में अधिकतम तापमान 42°C से 43°C के बीच दर्ज किया गया। वहीं महाराष्ट्र (विदर्भ, मराठवाड़ा), गुजरात, पश्चिमी राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में पारा 40°C के ऊपर रहा।

अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी छिटपुट बारिश के आसार हैं।

झारखंड में 18 से हो सकती है बारिश

झारखंड में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। अगले पांच दिनों में कोल्हान का तापमान तीन से पांच डिग्री तक बढ़ सकता है। सोमवार को सुबह का तापमान रविवार के मुकाबले 3.5 डिग्री बढ़कर 24.7 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की वृद्धि हो सकती है। हालांकि, 18 अप्रैल को तेज गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार से बारिश का अनुमान

हिमाचल प्रदेश में 17 से 20 अप्रैल तक बारिश हो सकती है क्योंकि 15 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। स्थानीय मौसम विभाग ने मंगलवार को यह कहा। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार और शनिवार को 12 जिलों में से चार से सात जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने, आकाशीय बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के लिए पीली चेतावनी जारी की है। इस बीच, मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार शाम छह बजे से पिछले 24 घंटों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा।

लू और उमस की चेतावनी

अगले 4 से 5 दिनों के दौरान गर्मी का सितम बढ़ने वाला है। बिहार और गुजरात के कुछ इलाकों में अत्यधिक उमस और गर्म स्थिति बनी रहेगी। कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ, तटीय ओडिशा, गुजरात क्षेत्र, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु में लू जैसी स्थिति पैदा होने की प्रबल संभावना है।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।