aaj ka mausam 12 april delhi mumbai bihar uttar pradesh weather today latest updates Aaj ka Mausam 12 April: दिल्ली और यूपी में बढ़ेगी तपिश, बिहार के क्या हाल? जानिए आज के मौसम का पूरा अपडेट, Weather Hindi News - Hindustan
More

Aaj ka Mausam 12 April: दिल्ली और यूपी में बढ़ेगी तपिश, बिहार के क्या हाल? जानिए आज के मौसम का पूरा अपडेट

Weather update today: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से अप्रैल के पहले हफ्ते में जो ठंडक मिली थी, अब वह खत्म होने वाली है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में 12 अप्रैल को धूप खिलने की संभावना है। तेज धूप की वजह से इन राज्यों के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

Sun, 12 April 2026 02:26 AMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
Aaj ka Mausam 12 April: दिल्ली और यूपी में बढ़ेगी तपिश, बिहार के क्या हाल? जानिए आज के मौसम का पूरा अपडेट

Aaj ka Mausam 12 April: अप्रैल के शुरुआती दिनों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से पूरे उत्तर भारत ने ठंडक महसूस की थी। हालांकि, अप्रैल में हुई इस बारिश और ओलावृष्टि की वजह से कई जगहों पर किसानों को भारी नुकसान हुआ है। लेकिन इसकी वजह से अप्रैल के शुरुआती हफ्ते में लोगों को गर्मी की तपिश नहीं झेलनी पड़ी थी। मौसम विभाग के मुताबिक अब ठंडक वाली वह बात पुरानी होती जा रही है और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में धीरे-धीरे पारा बढ़ने की शुरुआत हो चुकी है। आज यानी 12 अप्रैल को देश की राजधानी दिल्ली में मौसम साफ रहेगा, जिसकी वजह से यहां का अधिकतम तापमान 35 डिग्री से लेकर 38 डिग्री तक रहने की संभावना है।

आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान से सटे सीमाई इलाकों के अलावा बाकी राज्यों में बारिश की संभावना कम है और इन राज्यों में भी बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश हल्की ही होगी। हालांकि पूर्वोत्तर के राज्यों में आज भी बारिश और तूफान की संभावना बनी हुई है।

उत्तर प्रदेश में खिली रहेगी धूप, दिल्ली में बढ़ेगी तपिश

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 12 अप्रैल को उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं के बराबर है। हां, कई जगहों पर बादल छाए रह सकते हैं। लेकिन तेज बारिश की संभावना नहीं है। धूप खिलने की वजह से दिन का तापमान भी 36 डिग्री से लेकर 38 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। हालांकि, शाम और सुबह के समय हल्की ठंडी हवाएं चलती रहेंगी, जिसकी वजह से लोग गर्मी से ज्यादा परेशान नहीं होंगे। उत्तर प्रदेश के अलावा देश की राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों का भी यही हाल रहने वाला है। दिल्ली में मौसम थोड़ा नमी के साथ गर्म रहेगा, जिससे उमस की आशंका बनी रहेगी। हालांकि, अभी ज्यादा गर्मी की संभावना नहीं है। लेकिन 15 अप्रैल के बाद से हीट वेव की आशंका है।

पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में तेज गरज के साथ बारिश, बिहार में बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में अभी मौसम तेज हवाओं और बारिश का बना रहेगा। इन राज्यों के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ साथ छटपुट से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों से सटे बिहार में 12 अप्रैल के दिन धूप खिली रहेगी। हालांकि, कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं, हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है। इसके अलावा कई इलाकों में मौसम के अचानक से बदलने की संभावना भी है। हालांकि, ज्यादातर इलाकों में तेज धूप खिली रहेगी , जिसकी वजह से तापमान में बढ़ोतरी होगी।

पहाड़ों में बनी रहेगी ठंडक

जम्मू-कश्मीर से लेकर अन्य पहाड़ी राज्यों में लगातार ठंडक बनी हुई है। कई उत्तराखंड और कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। हिमाचल प्रदेश में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

पूर्वोत्तर भारत में तेज बारिश की संभावना

पूर्वोत्तर भारत पिछले दिनों की तरह आज भी तेज हवाओं और बारिश से भीगते रहेंगे। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, इन राज्यों में पहले से ही प्री मानसून एक्टिविटी जारी है। इसकी वजह से यहां असम, मेघायल और अरुणाचल प्रदेश में कई इलाकों में तेज बारिश के साथ हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा कुछ-कुछ इलाकों में धूप भी खिली रह सकती है।

मध्य भारत में बढ़ेगी गर्मी

मध्य प्रदेश और छत्तीशगढ़ में आज मौसम गर्म रहेगा। मध्य प्रदेश और छत्तीशगढ़ में अप्रैल के आगे बढ़ने के साथ-साथ लू चलने की स्थिति बनती जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 12 तारीख को इन दोनों राज्यों में लगातार धूप खिली रहेगी। इसकी वजह से दिन का तापमान 36 डिग्री से लेकर 38 डिग्री तक जाने की संभावना है। इस दौरान मौसम में हल्की नमी की वजह से उमस की स्थिति भी बन सकती है। आने वाले 14 अप्रैल से लेकर 17 अप्रैल तक इन राज्यों में लू चलने की प्रबल संभावना है।

गर्म रहेगा दक्षिण भारत

दक्षिण भारत के राज्यों में गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर चुकी है। हालांकि, यहां पर कर्नाटक और यनम जैसी कुछ-कुछ जगहों पर बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, कर्नाटक के कई भागों में 14 और 15 तारीख के आसपास बारिश होने की संभावना है। यनम में भी 12 तारीख को हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा बाकी दिन सूखे रहेंगे और तेज धूप खिली रहेगी। इसकी वजह से उमस बढ़ने की संभावना है।

कुल मिलाकर, देश अब धीमे-धीमे गर्मी के मौसम की तरफ बढ़ रहा है। अप्रैल के महीने के शुरुआती दिनों की बारिश ने किसानों को परेशान किया है, लेकिन अब मौसम में गर्मी बढ़ने लगी है। पहाड़ी और पूर्वोत्तर के राज्य अभी भी बारिश और बिजली से परेशान रहेंगे, लेकिन मध्य भारत के राज्यों में गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर चुकी है। आने वाले कुछ दिनों में देश में गर्मी अपने प्रचंड रूप में होगी।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।