Train leaves platform in Mexico without inauguration mayor left running video goes viral उद्घाटन के बिना ही चल दी ट्रेन, पीछे-पीछे भागते नजर आए नेता, वीडियो वायरल, Viral-news Hindi News - Hindustan
More

उद्घाटन के बिना ही चल दी ट्रेन, पीछे-पीछे भागते नजर आए नेता, वीडियो वायरल

मैक्सिको में एक ट्रेन लाइन के उद्घाटन के लिए मेयर को देरी से पहुंचना भारी पड़ गया। ट्रेन अपने निर्धारित समय से आगे बढ़ गई, इसके बाद मेयर ने भागते हुए उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो सके।

Fri, 24 April 2026 12:31 AMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
उद्घाटन के बिना ही चल दी ट्रेन, पीछे-पीछे भागते नजर आए नेता, वीडियो वायरल

भारत में आपने किसी न किसी नेता को ट्रेन को या फिर बस को हरी झंडी दिखाते हुए देखा होगा। नेता हरी झंड़ी दिखाते हैं, तब जाकर वह ट्रेन आगे बढ़ती है। कई बार ऐसा होता है कि नेता अगर लेट पहुंचते हैं, तो ट्रेन को भी थोड़ा लेट कर दिया जाता है। लेकिन हर जगह ऐसा नहीं है। मैक्सिको के एक मेयर को नई रेल लाइन के उद्घाटन के समय लेट पहुंचना भारी पड़ गया। मेयर लेट आए, लेकिन ड्राइवर ने अपने समय के अनुसार गाड़ी को आगे बढ़ा दिया। इसकी वजह से मेयर ने दौड़कर गाड़ी पकड़ने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे।

यह पूरी गठना मैक्सिको के त्लाजोमुलको दे जुनीगा की है। यहां पर ट्रेन लिगेरो की लाइन 4 का उद्घाटन होना था। रिपोर्ट्स के अनुसार इस उद्घाटन के लिए मेयर गेरारेदो क्युरिनो वेलाज्कूएज को बुलाया गया था। लेकिन वह स्टेशन पर पहुंचे, तब तक ट्रेन के दरवाजे पहले ही बंद हो चुके थे और ट्रेन आगे बढ़ने लगी थी।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मेयर दौड़कर ट्रेन पकड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो पाते। इसके बाद वह हंसते हुए साइड में खड़े हो जाते हैं। जब यह पोस्ट वायरल हो गया, तो मेयर ने भी हल्के-फुल्के अंदाज में इसे शेयर किया। उन्होंने लिखा, "चिंता मत करो, यह हर नौ मिनट में आती है, जिससे इसके रुटीन का पता चलता है।"

सोशल मीडिया साइट पर वायरल हो रही इस क्लिप ने भारतीयों का ध्यान भी अपनी ओर आकर्षित किया। यूजर्स ने इसे भारतीय वीआईपी कल्चर से जोड़कर देखा। एक यूजर ने लिखा, "भारत में ट्रेन ड्राइवर तब तक हिलने की भी नहीं सोचता जब तक नेता हरी झंडी न दिखा दे।” दूसरे ने कहा, “भारत में तो सिग्नल भी हरा नहीं होगा… ट्रेन के स्टेशन छोड़ने की बात ही भूल जाइए!” कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि ऐसी स्थिति में रेलवे कर्मचारियों को परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। एक टिप्पणी में लिखा गया, “अगर ट्रेन मंत्री का इंतजार किए बिना दो मिनट पहले भी निकल जाती, तो ड्राइवर को निलंबित, ट्रांसफर या यहां तक कि गिरफ्तार भी किया जा सकता था।”एक अन्य यूजर ने लिखा, “मैक्सिको में ट्रेन समय पर चलती है, भले ही मेयर देर से आएं। भारत में अगर ड्राइवर मंत्रियों का इंतजार न करे, तो उसे सस्पेंड कर दिया जाता है।”

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।