Video: महंगाई से बचने का देशी जुगाड़, ओडिशा में बन गई बिना पेट्रोल के चलने वाली बाइक
ओडिशा में एक व्यक्ति ने बिना पेट्रोल के चलने वाली बाइक को बनाया है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो काफी तेजी के साथ वायरल हो रहा है। लोगों का कहना है कि बढ़ती महंगाई से बचने के लिए यह जुगाड़ वाली बाइक सबसे कारगार तरीका है।

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने पूरी दुनिया को ऊर्जा संकट में धकेल दिया है। भारत में इसकी वजह से पिछले 1 महीने में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में काफी तेजी देखने को मिली है। ऐसे में लोग अपनी बाइक और कार को घर से बाहर ले जाने से पहले एक बार सोचने लगे हैं। इन सब के बीच ओडिशा से एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। इस वायरल वीडियो के नीचे लोगों ने मजाक में लिखा कि लगता है हमें भी अपनी बाइक का यही इंतजाम करना पड़ेगा।
सोशल मीडिया पर ओडिशा के कटक से संबंधित बताए जा रहे इस वीडियो में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के ऊपर के हिस्से को साइकिल के साथ जोड़कर एक बढ़िया जुगाड़ बनाया हुआ है। अपनी इसी जुगाड़ को लेकर वह रास्ते पर निकलता है, तभी कुछ लोग उसका वीडियो बना लेते हैं। अब बढ़ते पेट्रोल और 'महंगाई डायन खाए जात है' वाले गाने के वायरल होने के बीच यह वीडियो भी वायरल हो गया है। लोग इसे बढ़ते हुए पेट्रोल के उपाय के तौर पर देख रहे हैं।
इस वायरल वीडियो के नीचे कई लोगों ने अपने-अपने हिसाब से कमेंट किए। एक ने लिखा, "बढ़ती पेट्रोल कीमतों के बीच बिना पेट्रोल की बाइक देखना एक सुखद अहसास है।" वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, "यह जेब के साथ-साथ सेहत के लिए भी अच्छा है।"
हालांकि, कई लोगों ने इस डिजाइन में भी नुक्स निकाले। एक यूजर ने लिखा, "इससे अच्छा तो साइकिल खरीद लेते, उसे चलाना ज्यादा आसान रहता। इससे तो इसका वजन और भी ज्यादा बढ़ गया है।" इसके नीचे दूसरे यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "फिर भी उसने अच्छा काम किया है।"
सोशल मीडिया पर यह पोस्ट भले ही अपने अनोखे अंदाज के लिए वायरल हो रही है, लेकिन इसका वायरल होना इस बात का सबूत है कि लोग बढ़ते पेट्रोल के दामों से परेशान हैं। भले ही अभी यह जेब पर ज्यादा खर्च नहीं डाल रहे हैं, लेकिन आने वाले समय में इसके और भी ज्यादा बढ़ने की आशंका है,जो कि सभी के लिए नुकसानदायक है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन