ऑस्ट्रेलिया से आया शख्स कर रहा घी और शहद की चोरी, वायरल वीडियो देख लोगों ने लिए मजे
आशु स्टोर में जब मैगी का बिल कटवाने पहुंचा, तो कर्मचारियों ने उसकी गहन निगरानी की। उन्होंने देखा कि वह कुछ सामान पैंट के अंदर छिपा रहा है। जैसे ही वह बाहर निकलने लगा, कर्मचारियों ने उसे रोक लिया और पैंट से सामान बाहर निकाला।

चोरी की घटना का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक घी और शहद की शीशी अपनी पैंट के अंदर छिपाकर चुराने की फिराक में है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान अश्विनी उर्फ आशु भाटिया के रूप में हुई है, जो हरियाणा में करनाल शहर के मोती नगर का निवासी है।
यह घटना रेलवे रोड स्थित एक किराना स्टोर में हुई, जहां आशु ने सोमवार शाम को चोरी की। लाइव हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वह हाल ही में ऑस्ट्रेलिया से टूरिस्ट वीजा पर लौटा था और मात्र एक सप्ताह पहले भारत पहुंचा था। स्टोर कर्मचारियों ने उस पर पहले से शक जताया हुआ था, क्योंकि वह पहले भी कई बार संदिग्ध हरकतें कर चुका था।
जब आशु स्टोर में मैगी का बिल कटवाने पहुंचा, तो कर्मचारियों ने उसकी गहन निगरानी की। उन्होंने देखा कि वह कुछ सामान पैंट के अंदर छिपा रहा है। जैसे ही वह बाहर निकलने लगा, कर्मचारियों ने उसे रोक लिया और पैंट से सामान बाहर निकाला। बरामद सामान में करीब ढाई हजार रुपये का देसी गाय का घी, 500 रुपये का शहद का डिब्बा, कैचअप और कुछ अन्य किराना आइटम शामिल थे। इस दौरान कर्मचारियों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें आशु अपनी गलती कबूल करते नजर आ रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने कमेंट्स करके खूब मजे लिए हैं।
पहले भी अंजाम दीं चोरी की घटनाएं
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आशु भाटिया का यह पहला अपराध नहीं है। जांच में पता चला कि उसने इसी स्टोर से पहले तीन बार चोरी की थी। इसके अलावा मेरठ रोड स्थित एक अन्य स्टोर से भी उसने चाय पत्ती का पैकेट चुराया था। सीसीटीवी फुटेज में वह कई बार कैद हो चुका था, लेकिन उसकी सही पहचान न होने के कारण कार्रवाई नहीं हो पाई थी। स्टोर मालिक और कर्मचारी लंबे समय से कैमरों पर नजर रखे हुए थे और आखिरकार उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। सदर बाजार चौकी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन