फायरिंग के बीच 'पेट पूजा', ट्रंप के इवेंट में खाना खाता शख्स कैमरे में कैद; देखें वीडियो
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में गोलीबारी हुई तो लोग मेजों के नीचे छिप गए, लेकिन एक शख्स ने डर को भी खा डाला! मेज के नीचे छिपकर वह बिना रुके चम्मच चलाता रहा। यह चौंकाने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एक तरफ गोलियों की बौछार, दूसरी तरफ पेट पूजा! जी हां, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में गोलीबारी हुई तो लोग मेजों के नीचे छिप गए, लेकिन एक शख्स ने डर को भी खा डाला! मेज के नीचे छिपकर वह बिना रुके चम्मच चलाता रहा। यह चौंकाने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में पत्रकारों के लिए आयोजित एक रात्रिभोज कार्यक्रम के दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई।
बंदूक और चाकुओं से लैस एक हमलावर सुरक्षा घेरा तोड़कर उस इलाके में घुस आया, जहां राष्ट्रपति ट्रंप और कई शीर्ष अमेरिकी नेता मौजूद थे। सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को घेरकर हिरासत में ले लिया। गनीमत रही कि राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित रहे और उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इस दौरान कई मेहमान अपनी जान बचाने के लिए मेजों के नीचे छिप गए।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इसी घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक व्यक्ति मेज के नीचे छिपा हुआ है और डर के माहौल में भी वह खाना खाते जा रहा है। सुरक्षा एजेंटों की मौजूदगी के बावजूद वह मेज के नीचे से हाथ निकालकर प्लेट में रखे खाने को चम्मच से खाता रहा। इस वीडियो को देखकर लोग हैरान हैं और कह रहे हैं कि इस शख्स ने तो डर को भी खा लिया!
बता दें कि जब गोलियां चलीं तो कई लोगों ने पहले इसे ट्रे गिरने की आवाज समझा, लेकिन पत्रकारों ने पांच से आठ गोलियों की आवाज सुनी। लोग मेजों के नीचे छिप गए। किसी ने चिल्लाकर कहा कि हट जाइए सर... कुछ ने कहा कि झुक जाइए! तो किसी कोने से कहा कि कि गॉड ब्लेस अमेरिका। वहीं, ट्रंप को मंच से निकालते समय वह क्षण भर लड़खड़ाए, लेकिन सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने उन्हें तुरंत संभाल लिया।
घटना के बाद क्या बोले ट्रंप?
वहीं, घटना के करीब दो घंटे बाद वाइट हाउस पहुंचकर राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि जब आप प्रभावशाली होते हैं, तो लोग आपको निशाना बनाते हैं। जब आप प्रभावशाली नहीं होते, तो वे आपको छोड़ देते हैं। इस दौरान ट्रंप ने यह भी बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावर अकेला था। बता दें कि इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति ट्रंप के अलावा उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, विदेश मंत्री मार्को रुबियो सहित कई शीर्ष नेता और पत्रकार मौजूद थे।
कौन है हमलावर?
कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, हमलावर की पहचान 31 वर्षीय कोल थॉमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया के टॉरेंस शहर का निवासी है। उसके पास एक शॉटगन, एक हैंडगन और कई चाकू बरामद किए गए। बताया गया कि इस घटने में एक अधिकारी को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से वह सुरक्षित रहा। वाशिंगटन डीसी के अंतरिम पुलिस प्रमुख ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावर का मकसद क्या था और किसे निशाना बनाना चाहता था। फिलहाल यह भी नहीं लगा है कि इसमें कोई और शामिल था।
बता दें कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका ईरान के साथ तनावपूर्ण स्थिति में है। कार्यक्रम शुरू होने से पहले होटल के बाहर प्रदर्शनकारी भी थे। एक व्यक्ति जेल की वर्दी पहनकर पीट हेगसेथ का मुखौटा लगाए खड़ा था, जबकि दूसरे के पास तख्ती थी जिस पर लिखा था कि पत्रकारिता मर चुकी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन