उत्तराखंड में शराब की दुकानों पर फिर संग्राम, कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक सड़क पर उतरी महिलाएं
उत्तराखंड में शराब की दुकानों के खिलाफ महिलाओं ने संग्राम छेड़ दिया है। कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक महिलाएं सड़कों पर उतर आई हैं। महिलाएं कह रही हैं कि किसी भी कीमत पर शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे।

शराब के ठेकों के खिलाफ गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक महिलाएं सड़कों पर उतरीं हैं। धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर शराब के ठेके खोलने की तैयारी ने आक्रोश और भड़का दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगे। महिलाओं ने कहा कि इससे युवा पीढ़ी का भविष्य खराब हो रहा है। प्रदेश में पहले भी शराब के विरोध में आंदोलन हुए हैं।
कैंची धाम के निकट भी शराब की दुकान
रातीघाट में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह बाजार प्रसिद्ध कैंची धाम के निकट है और आसपास विद्यालय हैं। शराब की दुकान खुलने से माहौल खराब होगा।
गंगोत्री मार्ग पर झाला में शराब के ठेके का विरोध
उत्तरकाशी जिले में इस बार शराब की तीन नई दुकानें झाला, आराकोट और सांकरी में खोली जा रही हैं। इसमें गंगोत्री मार्ग पर स्थित झाला में भी शराब का ठेका प्रस्तावित है। जिसका विरोध स्थानीय लोगों के साथ ही कांग्रेस कर रही है। वह गंगोत्री धाम की यात्रा की पवित्रता को बनाए रखने के लिए ठेके को निरस्त करने की मांग कर रहे हैं। पिछली बार हर्षिल में शराब का ठेका प्रस्तावित था, लेकिन विरोध में चलते नहीं खुला और अब इसे पांच किमी. पहले झाला में खोला जा रहा है। ग्रामीण पिछले साल की तरह ही इस बार भी विरोध में खड़े हो गए हैं।
केदारघाटी में शराब के खिलाफ आंदोलन
केदारघाटी में अवैध शराब के खिलाफ महिलाएं सड़क पर हैं। यहां महिलाएं रोज जुलूस निकाल रही हैं। वह गांव-गांव तक अवैध रूप से शराब पहुंचाने के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर रोक नहीं लगी तो पूरे इलाके में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
किसी कीमत पर नहीं खुलने देंगे ठेका
बेरीनाग के उडियारी बैंड में शराब की दुकान को मंजूरी मिलने का लोग विरोध कर रहे हैं। महिलाओं ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कीमत पर शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे। गंगोलीहाट की पूर्व विधायक मीना गंगोला ने भी जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शराब के ठेके की आवंटन प्रक्रिया निरस्त करने की मांग की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन