उत्तराखंड के चमोली में ट्रेनें आपस में टकराईं, भीषण टनल हादसे पर THDC का बयान आया
उत्तराखंड के चमोली में टीएचडीसी टनल में दो ट्रेनों के आपस में टकराने से बड़ा हादसा हो गया। एक ट्रेन में अधिकारी और मजदूर सवार थे। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई थी। कम से कम 60 लोग घायल हुए हैं।

THDC tunnel Train Collision: उत्तराखंड के चमोली जिले में मंगलवार रात निर्माणाधीन विष्णुगाड़–पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की पीपलकोटी सुरंग में एक गंभीर दुर्घटना हो गई। सुरंग में श्रमिकों और अधिकारियों को ले जा रही लोको ट्रेन और सामान ढोने वाली ट्रेन के आपस में टकराने से घायलों की संख्या 88 हो गई है। हादसे पर सीएम पुष्कर धामी ने दुख जताया है। इस घटना के एक दिन बाद टीएचडीसी का बयान आया है।
चमोली जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि हादसे के समय ट्रेन में कुल 109 लोग सवार थे, जिनमें से 88 घायल हुए। सभी को सुरंग से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस दौरान 10 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल गोपेश्वर में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
444 मेगावाट की परियोजना पर चल रहा काम
पाइपलकोटी सुरंग के भीतर निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों, अधिकारियों और सामग्री के परिवहन के लिए रेलनुमा वाहनों का उपयोग किया जाता है। कुल 444 मेगावाट की इस परियोजना में चार टरबाइन के जरिए 111 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाना है। यह परियोजना अलकनंदा नदी पर हेलंग और पीपलकोटी के बीच बनाई जा रही है और इसे अगले साल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
कोई जनहानि नहींः टीएचडीसी
चमोली जिले में टीएचडीसी की जलविद्युत परियोजना क्षेत्र में दो लोको ट्रेनों की टक्कर में किसी की मौत नहीं हुई है। टीएचडीसी के कार्यकारी निदेशक और परियोजना प्रबंधक कुमार शरद ने बुधवार को यह जानकारी दी। एएनआई से बातचीत में उन्होंने बताया कि 74 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 7 से 8 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी है और सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

धामी ने हादसे पर दुख जताया
हादसे के तुरंत बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर कहा कि वह जिलाधिकारी के संपर्क में हैं और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी घायल श्रमिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन