Traffic Alerts on WhatsApp for Char Dham Yatra Route Major Update on Travel Fares Too चारधाम यात्रा रूट पर जाम की सूचना अब व्हाट्सऐप पर, किराये को लेकर भी बड़ा अपडेट, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

चारधाम यात्रा रूट पर जाम की सूचना अब व्हाट्सऐप पर, किराये को लेकर भी बड़ा अपडेट

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने चारधाम यात्रा तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि जाम, भीड़ समेत हर आपात स्थिति की सूचना यात्रियों को व्हाट्सऐप पर तुरंत दी जाए। किराए को लेकर भी श्रद्धालुओं के लिए इस बार राहत भरी खबर है।

Fri, 27 Feb 2026 08:42 AMGaurav Kala देहरादून
share
चारधाम यात्रा रूट पर जाम की सूचना अब व्हाट्सऐप पर, किराये को लेकर भी बड़ा अपडेट

चारधाम यात्रा में जाम की सूचना यात्रियों को व्हाट्सऐप पर मिलेगी। साथ ही आपात स्थिति में यात्रा रोकने का समय तय करने का अधिकार कमिश्नर गढ़वाल को होगा। उन्होंने यात्रा के लिए एसओपी जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा मार्ग पर पशुओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने गुरुवार को यात्रा तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में निर्देश दिए गए कि जाम, भीड़ समेत हर आपात स्थिति की सूचना यात्रियों को व्हाट्सऐप पर तुरंत दी जाए। उन्होंने एक सप्ताह में इसकी प्रगति रिपोर्ट भी तलब की।

उन्होंने कहा कि डीएम चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी सभी विभागों, एजेंसियों, स्टेक होल्डर्स के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाएं। पिछले सालों के अनुभवों, चुनौतियों की समीक्षा की जाए। भीड़ प्रबंधन के लिए व्यावहारिक प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख स्थलों पर क्यूआर कोड अंकित किए जाएं, जिससे यात्रियों को संबंधित स्थान समेत आसपास की महत्वपूर्ण जानकारी मिल सके।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:चारधाम में सैकड़ों बेजुबान जानवरों की मौत, HC ने सरकार ने जवाब मांगा
ये भी पढ़ें:चारधाम यात्रा: अब ऑनलाइन पंजीकरण पर लगेगा शुल्क, कमेटी ने तय की फीस
ये भी पढ़ें:क्या हैं कॉप्टर-रूट्स, इस साल चारधाम में इसी मार्ग पर उड़ेंगे हेलिकॉप्टर

चारधाम यात्रा का किराया नहीं बढ़ेगा

चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इस बार राहत भरी खबर है। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति ने यात्रा किराए में किसी भी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं करने का निर्णय लिया है। गुरुवार को समिति से जुड़ी दस परिवहन कंपनियों की बैठक में यह सहमति बनी। ऋषिकेश से परिवहन कंपनियों की करीब 2200 बसें चारधाम के लिये संचालित होती है।

संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष भास्करानंद भारद्वाज ने कहा कि इस बार संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति ने चारधाम यात्रा किराया नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया है। यात्रा पर आने वाले 70%से अधिक यात्री बसों से यात्रा करते है। 10 परिवहन कंपनियों की 2200 बसें यात्रा में संचालित होती है। चारधाम यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना समिति का उद्देश्य है।

चारधाम यात्रा किराया

चारधाम यात्रा के लिए ऋषिकेश और हरिद्वार से अलग-अलग किराया है। ऋषिकेश से एक धाम का किराया 1680 रुपये, दो धाम 2480 रुपये, तीन धाम 3480 रुपये और चारधाम 4250 रुपये है, जबकि हरिद्वार से यही किराया क्रमशः 1900, 2690, 3680 और 4450 रुपये तय किया गया है। यात्री अपनी इच्छा और सुविधा के अनुसार एक, दो, तीन या सभी चार धाम का चयन कर सकते हैं।

संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था कार्यालय में रोटेशन से जुड़ी जीएमओ, टीजीएमओ, यातायात, गढ़वाल मंडल कॉन्ट्रैक्ट कैरिज, रूपकुंड, सीमांत सहकारी संघ, दून वैली कॉन्ट्रैक्ट कैरिज, गढ़वाल मोटर यूजर्स, गढ़वाल बहुउद्देश्यीय, हरिद्वार वेलफेयर बस सेवा ने रोटेशन अध्यक्ष भास्करानंद भारद्वाज की अध्यक्षता में बैठक की। जिसमें इस साल भी चारधाम किराया नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया। यह भी तय किया गया की उत्तराखंड में रजिस्टर्ड सभी बसें व्यवस्था के अंतर्गत संचालित होगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।