उत्तराखंड में 44 IAS व PCS अधिकारियों के तबादले, दीपावली से पहले बड़ा फेरबदल; देखिए पूरी लिस्ट
तबादलों को लेकर राज्य के संयुक्त सचिव राजेंद्र पतियाल की तरफ से जारी की गई सूची के अनुसार नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ के डीएम बदले गए हैं।

उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार ने दीपावली से लगभग सप्ताह भर पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए राज्य में 44 IAS और PCS अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस बारे में राज्य के संयुक्त सचिव राजेंद्र सिंह पतियाल ने एक आदेश जारी करत हुए जानकारी दी। इस फेरबदल में पांच जिलों के जिलाधिकारी भी बदल दिए गए हैं।
नई पदस्थापना के अनुसार नैनीताल की जिलाधिकारी (DM) वंदना सिंह से उनकी वर्तमान जिम्मेदारी वापस लेते हुए उन्हें कृषि एवं उद्यान विभाग के महानिदेशक के साथ ही नियोजन विभाग के अपर सचिव पद का दायित्व दिया गया है। वंदना की जगह अब ललित मोहन रयाल नैनीताल के जिलाधिकारी होंगे। रयाल अब तक अन्य दायित्वों के साथ मुख्यमंत्री के अपर सचिव का दायित्व भी निभा रहे थे।
अब तक शहरी विकास और सूचना प्रोद्यौगिकी विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे गौरव कुमार को चमोली का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वह डॉ संदीप कुमार तिवारी की जगह लेंगे, जिन्हें हल्द्वानी में समाज कल्याण के निदेशक का नया दायित्व दिया गया है।
आलोक कुमार पांडे से अल्मोड़ा के जिलाधिकारी पद की जिम्मेदारी वापस लेते हुए उन्हें सूचना प्रोद्यौगिकी विभाग में अपर सचिव तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है। पांडे की जगह अंशुल सिंह अल्मोड़ा के नए जिलाधिकारी होंगे।
पिथौरागढ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी से उनका वर्तमान दायित्व वापस लेते हुए उन्हें शहरी विकास विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। गोस्वामी की जगह आशीष कुमार भटगाई लेंगे जो अब तक बागेश्वर में इसी पद पर तैनात थे। बागेश्वर का नया जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे को बनाया गया है जो अब तक हरिद्वार के मुख्य विकास अधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
सचिव दिलीप जावलकर को ग्राम्य विकास विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग एवं मुख्य परियोजना निदेशक-ग्राम्य विकास समिति- ग्रामीण उद्यम त्वरण परियोजना (CPD-UGVS-REAP) जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है जबकि वह सचिव वित्त, निर्वाचन, जलागम और निदेशक, आडिट का दायित्व निभाते रहेंगे। (एजेंसी इनपुट के साथ)




लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन