विंटेज कार के नाम पर खानपुर विधायक उमेश कुमार से लाखों ठगे; रांची के डीलर पर केस
खानपुर के तेजतर्रार विधायक उमेश कुमार से विंटेज कार के नाम पर लाखों की ठगी हो गई। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर रांची के डीलर पर केस किया है।

हरिद्वार में खानपुर विधायक उमेश कुमार को पुरानी विंटेज (मोरिस) कार बेचने का झांसा देकर साढ़े चार लाख रुपये की ठगी कर ली गई। राजपुर थाना पुलिस ने रविवार को रांची, झारखंड के डीलर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विधायक के आईटी पार्क स्थित कार्यालय के प्रबंधक असद खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अगस्त 2025 में विधायक के व्हाट्सएप नंबर पर एक पुरानी मोरिस कार बेचने का मैसेज आया था। यह मैसेज रांची के ख्वाजा मोटर्स के संचालक ख्वाजा हुसैन ने भेजा था।
आरोपी ने व्हाट्सएप पर ही कार की फोटो और वीडियो दिखाई। बातचीत के बाद कार का सौदा 4.50 लाख रुपये में तय हुआ और डिलीवरी देहरादून में देनी तय की गई।
विश्वास में आकर विधायक ने ख्वाजा हुसैन के फेडरल बैंक खाते में कई किश्तों में पूरी रकम का भुगतान कर दिया। 11 और 22 अगस्त 2025 को 50-50 हजार, 27 अक्टूबर को दो लाख और सात नवंबर को 1.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। प्रबंधक के अनुसार पूरी रकम चुकाने के बाद ख्वाजा हुसैन की नीयत बदल गई। उसने फोन पर कहा कि उसने कार बेचने का सिर्फ बहाना किया था और धोखा देकर यह रकम ऐंठी है। एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
जीएसटी चोरी पर एक करोड़ वसूले
देहरादून। राज्य कर विभाग ने कर चोरी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत विकासनगर की एक स्टील फर्म और राजपुर रोड स्थित एक होटल-रेस्टोरेंट में छापेमारी कर एक करोड़ रुपये की वसूली की है। विभाग ने जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
आयुक्त राज्य कर प्रतीक जैन के निर्देशन में विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) देहरादून की चार टीमों ने विकासनगर स्थित आयरन-स्टील ट्रेडिंग और रूफिंग प्रोफाइल शीट निर्माण से जुड़ी फर्म के घोषित एवं अघोषित प्रतिष्ठानों पर एक साथ जांच की। इसमें पता चला कि फर्म एक अघोषित व्यापार स्थल पर बड़ी मात्रा में सीआर कॉइल रूफिंग प्रोफाइल शीट का भंडारण कर वहीं से बिक्री कर रही थी। इसके अलावा फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) लेकर कर देयता को अनुचित तरीके से समायोजित किए जाने के भी साक्ष्य मिले।
दुकानदार पर कड़े से हमला किया
देहरादून। बालावाला स्थित भगवान दास चौक के पास एक दुकानदार पर हमला किर दिया गया। पीड़ित तनवे चौहान का आरोप है कि चार जून की रात जब वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे तभी आयुष मनवान ने उन्हें रोककर हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। हमले में तनवे की आंख के पास चोट आई और चार टांके लगे। एसओ रायपुर संजीत कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन