gangster vinay tyagi died during treatment in aiims rishikesh गैंगस्टर विनय त्यागी की मौत, गोली लगने से आंतें फट गई थीं; पेशी के दौरान हुआ था जानलेवा हमला, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

गैंगस्टर विनय त्यागी की मौत, गोली लगने से आंतें फट गई थीं; पेशी के दौरान हुआ था जानलेवा हमला

उत्तराखंड के ऋषिकेश अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी की शनिवार सुबह करीब आठ बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। लक्सर कोर्ट में पेशी के दौरान हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल विनय त्यागी को कुछ दिन पहले एम्स में भर्ती कराया गया था। 

Sat, 27 Dec 2025 12:56 PMSubodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, वार्ता, ऋषिकेश
share
गैंगस्टर विनय त्यागी की मौत, गोली लगने से आंतें फट गई थीं; पेशी के दौरान हुआ था जानलेवा हमला

उत्तराखंड के ऋषिकेश अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी की शनिवार सुबह करीब आठ बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। लक्सर कोर्ट में पेशी के दौरान हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल विनय त्यागी को कुछ दिन पहले एम्स में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की टीम लगातार उसका इलाज कर रही थी।

डॉक्टरों के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान उसकी गर्दन और हाथ में फंसी गोलियां निकाल दी गई थीं लेकिन गोली लगने से उसकी आंतें फट गई थीं। हालत लगातार नाजुक बनी रहने के कारण उसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था।

ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि शनिवार सुबह करीब आठ बजे विनय त्यागी ने दम तोड़ दिया। मूलरूप से मुजफ्फरनगर के गांव खाईखेड़ी निवासी हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी को देहरादून पुलिस ने एक अक्टूबर को लाखों रुपए की नकदी और जेवर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। हरिद्वार जिले में दर्ज अन्य मुकदमों के कारण उसे 12 दिसंबर को रुड़की जेल भेजा गया था।

बीते बुधवार दोपहर पुलिस टीम उसे पेशी के लिए लक्सर कोर्ट ले जा रही थी। इसी दौरान लक्सर रेलवे ओवरब्रिज पर जाम में फंसे पुलिस वाहन पर मोटरसाइकिल सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। वाहन में विनय त्यागी के साथ छह पुलिसकर्मी सवार थे। हमले के बाद आरोपी असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस ने इस सनसनीखेज हमले में शामिल दोनों आरोपियों सनी यादव उर्फ शेरा और अजय को खानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी काशीपुर (उधम सिंह नगर) के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार विनय त्यागी मेरठ का हिस्ट्रीशीटर था और उसका नाम कुख्यात सुनील राठी गैंग से भी जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ रुड़की और लक्सर थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इसके अलावा विनय त्यागी और उसकी पत्नी के खिलाफ लक्सर थाने में एक करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज है, जिसकी पेशी के लिए उसे ले जाया जा रहा था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।