मौसम की मार: उत्तराखंड में बारिश-ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित, मकानों की छत उड़ी
कई जिलों में रविवार सुबह काले बादल छाने से दिन में रात जैसा अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज आंधी और बरसात शुरू हो गई जबकि कहीं-कहीं ओले भी गिरे। कई स्थानों पर आंधी के चलते पेड़ गिर गए।

उत्तराखंड में रविवार को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने पहाड़ से मैदान तक जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई जगह पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति ठप होने और जलभराव से यातायात और अन्य सेवाएं प्रभावित होने से लोगों और पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ी। तमाम जिलों में फसलों को नुकसान हुआ। दून के त्यूणी में 15 से अधिक मकानों की छत उड़ गई।
काले बादल छाने से दिन में रात जैसा
गढ़वाल से कुमाऊं तक कई जिलों में रविवार सुबह काले बादल छाने से दिन में रात जैसा अंधेरा छा गया। इसके बाद तेज आंधी और बरसात शुरू हो गई जबकि कहीं-कहीं ओले भी गिरे। कई स्थानों पर आंधी के चलते पेड़ गिर गए। कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर बिजली की लाइनों पर गिर गईं जिससे आपूर्ति बाधित हो गई।
कई शहरों में यातायात प्रभावित
दून समेत कई शहरों में होर्डिंग्स व पोल गिरने से सड़कें अवरुद्ध हो गईं, जबकि जलभराव की समस्या भी हुई। हरिद्वार-ऋषिकेश के बीच रेल ट्रैक पर पेड़ गिरने से यातायात करीब तीन घंटे बाधित रहा और कई ट्रेनें देर से चलीं। हवाई सेवाओं पर भी खराब मौसम का असर पड़ा। दून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर आठ उड़ानें देरी से पहुंचीं जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं उत्तरकाशी में भूस्खलन से गंगोत्री हाईवे दो घंटे तक बाधित रहा।
घरों को नुकसान, फसलें बर्बाद
दून के त्यूणी में आंधी-तूफान से 15 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हो गए व 50 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई। ग्रामीणों ने बताया, शनिवार रात आंधी से कई मकानों की छतें उड़ गई जबकि बारिश से घर में रखा सामान भी बर्बाद हो गया। रविवार सुबह हुई बारिश से छत विहीन घरों में बचा सामान भी बर्बाद हो गया। प्रभावितों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। मैंद्रथ स्थित मंदिर का लंगर हॉल भी क्षतिग्रस्त हो गया। त्यूणी में आंधी से खेतों में गेहूं की कटी व खड़ी फसल करीब 50% खराब हो गई। इस के अलावा टिहरी,उत्तरकाशी, चमोली, यूएसनगर समेत कई जिलों में फसलों, पेड़ों व सब्जियों को नुकसान हुआ।
गंगा घाटों पर अलर्ट
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के बाद टिहरी बांध से पानी छोड़े जाने की संभावना के मद्देनजर गंगा के जलस्तर को लेकर ऋषिकेश में एसडीआरएफ अलर्ट हो गई है। गंगा घाटों-तटों पर तीर्थाटकों और पर्यटकों को चेतावनी जारी की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन