घर में घुसकर मारपीट, बहू से मोबाइल और सोने की चेन छीनी
हरिद्वार के ब्रह्मपुरी में होली के दिन एक परिवार पर हमला हुआ। आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की और पीड़ित की पुत्रवधु से मोबाइल और सोने की चेन छीन ली। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

हरिद्वार। शहर कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मपुरी में होली के दिन घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ब्रह्मपुरी निवासी मातवर सिंह चौहान ने पुलिस को शिकायत कर बताया कि 4 मार्च की दोपहर को शिवम, कन्हैया झा, सत्यम झा, राजा समेत अन्य युवक उनके घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए उनके और परिवार के साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी पुत्रवधु मोनिका चौहान से मोबाइल फोन और सोने की चेन छीन ली गई।
पीड़ित के अनुसार हमले में उन्हें आंखों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसका मेडिकल मेला अस्पताल में कराया गया है। आरोपियों ने घर में कांच की बोतलें फेंककर दहशत फैलाने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। घटना का वीडियो भी उनके पास मौजूद होने का दावा किया गया है। पीड़ित ने बताया कि मुख्य आरोपी कन्हैया झा पर पूर्व में गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी हो चुकी है। आरोप है कि आरोपी लगातार धमकी दे रहे। एससआई नंद किशोर गवाड़ी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन