सीएम धामी का सख्त संदेश, उत्तराखंड में हुड़दंगियों से सख्ती से निपटा जाएगा
उत्तराखंड में जोहड़ी में दो गुटों की फायरिंग में सेना के पूर्व ब्रिगेडियर की मौत के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गृह विभाग और पुलिस को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर नाराजगी व्यक्त की और पुलिस को सख्ती से कार्रवाई करने के लिए कहा। मॉर्निंग पेट्रोलिंग शुरू करने और किरायेदारों के सत्यापन का अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।

जोहड़ी में दो गुटों की फायरिंग में सेना के पूर्व ब्रिगेडियर की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गृह विभाग और पुलिस को तत्काल प्रदेश भर संघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। पुलिस को हुड़दंगियों से सख्ती से निपटने को कहा है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कानून व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि रोड रेज, फायरिंग, और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है। यहां कोई भी अपराधी, हुड़दंगी किसी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री के निर्देश पर उपआबकारी निरीक्षक सोबन सिंह और कुठालगेट चौकी के उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। पुलिस और प्रशासन को पूरी सख्ती और मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।मॉर्निंग वॉक करने वालों की सुरक्षा को होगी मॉर्निंग पेट्रोलिंग भी: सुबह सुबह मॉर्निंग वॉक को निकले सेना के पूर्व ब्रिगेडियर के हुडदंगियों की गोलियों का शिकार बनने के बाद सरकार ने नया कदम उठाया है। इसके तहत पुलिस अब से दिन और रात की पेट्रोलिंग तो बढ़ाएगी ही, साथ ही अब से मॉर्निंग पेट्रोलिंग भी शुरू करेगी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए गृह विभाग और पुलिस अधिकारियों को इसके निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं के बढ़ने पर नाराजगी जताई। कहा कि ऐसी घटनाओं रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। मुख्य सचिव ने देहरादून शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की गस्त बढ़ाए जाने के निर्देश दिए।किराएदारों और पीजी में रहने वालों के सत्यापन को सघन अभियान: मुख्य सचिव ने किरायेदारों और पीजी में रहने वालों का भी सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। साथ ही बार और रेस्टोरेंट क्लोजिंग के लिए निर्धारित समय को कठोरता से लागू करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि वीकेंड को देहरादून को पार्टी और हुड़दंगियों को अड्डा ना बनने दिया जाए। मुख्य सचिव ने बार संचालन के नियमों का पालन ना करने वाले बार और अवैध बार संचालकों पर भी कठोर कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही शहर के आसपास के क्षेत्रों में खुले होम स्टे निगरानी और मैपिंग करने के निर्देश भी दिए। इसमें यह भी देखा जाएगा कि पर्यटन प्रोत्साहन के लिए बने होम स्टे बार लाइसेंस लेकिर दुरूपयोग तो नहीं कर रहे हैं?
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन