हरिद्वार में बेटी के प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश, पिता की हथौड़ी से हत्या
हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में सिडकुल कर्मी राजवीर की हत्या का मामला सामने आया है। पंकज नामक युवक ने राजवीर की बेटी से शादी की चाह में पिता की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने पंकज और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल की गई हथौड़ी और अन्य सबूत बरामद किए गए हैं।
हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में हुए सिडकुल कर्मी राजवीर हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। हत्या के पीछे पारिवारिक रिश्तों में उलझा प्रेम प्रसंग सामने आया है, जिसमें बेटी से शादी करने की चाह रखने वाले युवक ने उसके पिता को ही रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सोमवार सुबह अत्मलपुर बोंगला गांव के पास खेत में राजवीर का शव मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर संदिग्ध मोबाइल नंबर को ट्रेस किया गया। इसके बाद कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के पास से पुलिस ने पंकज कुमार पुत्र चमन सिंह निवासी शर्मा वाली बिल्डिंग रोशनाबाद हरिद्वार उम्र 26 को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसने अपने साथी छोटेलाल पुत्र गंगा सागर निवासी हाल किरायेदार (लालू के मकान में) रोशनाबाद हरिद्वार, मूल निवासी सीतापुर बालाजी पुरम कॉलोनी थाना कोतवाली ज्वालापुर जिला हरिद्वार उम्र 36 के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने छोटेलाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि पंकज का मृतक की शादीशुदा बेटी से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। इसके लिए वह युवती पर तलाक का दबाव बना रहा था, लेकिन पिता राजवीर इसका विरोध कर रहे थे। इसी रंजिश में पंकज ने हत्या की योजना बनाई। 26 अप्रैल की शाम को पंकज अपने साथी के साथ राजवीर को बहाने से बोंगला अंडरपास के पास पॉपलर के खेत में ले गया। वहां तीनों ने पहले शराब पी, फिर नशे की हालत में आरोपियों ने हथौड़ी से राजवीर के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी, बाइक और मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले शराब खरीदने के लिए मृतक के मोबाइल से ऑनलाइन भुगतान किया गया था। इसी डिजिटल ट्रांजैक्शन ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हत्या के बाद आरोपी मोबाइल और पर्स लेकर फरार हो गए थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन