Doon Vihar Residents Face Increasing Problems Due to Commercial Activities बोले देहरादून : दून विहार आवासीय कॉलोनी के लोग कॉमर्शियल गतिविधि से दुखी, Dehradun Hindi News - Hindustan
More

बोले देहरादून : दून विहार आवासीय कॉलोनी के लोग कॉमर्शियल गतिविधि से दुखी

दून विहार कॉलोनी में वाणिज्यिक गतिविधियों के कारण निवासियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 1984 से बसी इस कॉलोनी में आज 25,000 से अधिक लोग रहते हैं।

Thu, 17 July 2025 04:10 AMNewswrap हिन्दुस्तान, देहरादून
share
बोले देहरादून : दून विहार आवासीय कॉलोनी के लोग कॉमर्शियल गतिविधि से दुखी

राजपुर रोड स्थित दून विहार एक पॉश कॉलोनी है। 1984 से यहां पर आबादी बसना शुरू हो गई थी। आज इस क्षेत्र की आबादी 25 हजार के करीब है। आवासीय कॉलोनी होने के बावजूद यहां पर कॉमर्शियल गतिविधियां होने लगी हैं। इस कारण कॉलोनी के लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। कॉलोनी के अंदर लोगों ने फुटपाथ पर पूरी तरह अतिक्रमण कर अपने वाहनों को पार्क करना शुरू कर दिया है। इससे पैदल चलने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शिकायत के बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

एक तरफ कई साल पुरानी सीवर लाइन जो बार-बार चोक हो रही है। वहीं दूसरी ओर सड़क पर अवैध रूप से लग रहीं ठेलियां। इससे बहुत दिक्कत हो रही है। कॉमर्शियल गतिविधि बढ़ने से सीवर लाइन पर और जोर पड़ रहा है। इससे बहुत दिक्कत हो रही है। सड़क पर ठेलियों के लगने से लोगों को चलने के लिए जगह नहीं मिल पाती है। इस वजह से उन्हें सड़क पर चलना पड़ता है।

आपके अपने अखबार ‘हिन्दुस्तान’ के ‘बोले देहरादून’ अभियान के तहत दून विहार के निवासियों से उनकी समस्याओं को लेकर बातचीत की गई। इस दौरान ने कमर्शियल काम से लेकर जलभराव तक की सारी समस्याओं पर बात की।लोगों ने बताया कि यहां पर सीवर काफी पुरानी है,हमेशा चोक हो जाती है। आवासीय कॉलोनी होने के बाद भी यहां पर कमर्शियल काम हो रहे है।

उस वजह से लोग सड़क पर गाड़ी खड़ी करते हैं। इससे स्थानीय लोगों को आवाजाही करने में बहुत दिक्कत होती है। इसके साथ ही क्षेत्र में कई जगहों पर स्ट्रीट लाइट के आसपास पेड़ों की टहनियां लगी हैं। जिस वजह से सड़क पर स्ट्रीट लाइट की रोशनी नहीं पहुंच पाती है। आवारा कुत्तो और बंदरों की वजह से भी यहां के लोग काफी परेशान हैं। यहां पर रात के समय भारी वाहन गुजरते हैं। जिससे रात भर आवाज होती है। इतनी दिक्कत कम नहीं थी कि रात के समय बाहरी लोग गाड़ियों में आकर हुड़दंग मचाते हैं। तेज रफ्तार में चलते हुए हुटर बजाते हैं। इसके लिए लोग चाहते हैं कि यहां पर स्पीड ब्रेकर लगने चाहिए। अपनी तमाम समस्याओं को लेकर लोगों ने कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी है। इसके बाद भी यहां पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। समस्याओं का समाधान नहीं होने से लोग परेशान हैं।

-प्रस्तुति : कुमुद नौटियाल

दून विहार में अवैध निर्माण पर टीम भेजकर कार्रवाई की जा रही है

दून विहार वार्ड में नगर निगम की भूमि पर अवैध निर्माण को लेकर कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को भी यहां मौके पर टीम भेजी गई थी। इसके अलावा जलभराव की समस्या का समाधान करने के लिए निगम के स्तर से ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। स्थानीय पार्षद से भी इसे लेकर सुझाव मांगे गए हैं। सुझाव मिलने पर तत्काल कार्य किया जाएगा। -सौरभ थपलियाल, मेयर, देहरादून

ट्रक और बाइक वाले रातभर करते हैं परेशान

1984 से यहां पर आबादी बसना शुरू हुई थी। उस समय यह कॉलोनी बहुत सुंदर और सुरक्षित थी। समय के साथ-साथ यहां पर बाहरी लोगों का आतंक बढ़ने लग गया है। यहां से रात-रातभर भारी वाहन गुजरते हैं। इससे बहुत आवाज होती है। इसके साथ ही यहां पर बाहरी लोग तेज रफ्तार में हुटर बजाते हुए चलते हैं। इससे यहां के क्षेत्रवासियों को दुर्घटना होने का डर बना रहता है। लोगों का कहना है कि यहां पर स्पीड ब्रेकर बनने चाहिए जिससे रफ्तार पर नियत्रंण किया जा सके। इसके साथ ही क्षेत्र में बस्ती भी है जहां पर अधिकतर लोग गाड़ी चलाने का काम करते हैं। वह लोग अपनी गाड़ी कॉलोनी में इधर-उधर लोगों के घरों के बाहर खड़ी कर देते हैं।

नियमित सफाई फिर भी कचरा एक बड़ी समस्या

हमारी ओर से लोगों की समस्याओं का समाधान करने का पूरा प्रयास किया जाता है। यहां पर कहीं जगह है जहां पर कचरा रहता है इसकी भी हम नियमित सफाई करवाते हैं। इसके बाद भी यहां पर कचरा हो जाता है। इसका मुख्य कारण है क्षेत्र में बस्ती भी है। इसकी गली बहुत संकरी है जिस वजह से कूड़ा उठान गाड़ी लोगों के घरों तक नहीं पहुंच पाती है। इसके साथ ही क्षेत्र की आबादी बहुत है उस हिसाब से यहां पर कूड़ा उठाने की गाड़ी बहुत कम है। अगर यह गाड़ी दिन में दो से तीन चक्कर लगाए तो गंदगी की समस्या का समाधान होगा। बस्ती जैसे इलाकों के लिए भी छोटी कूड़ा उठाने की गाड़ी आए तो कचरा नहीं होगा।

- मीनाक्षी नौटियाल, पार्षद

सुझाव

1. स्ट्रीट लाइट से टच पेड़ों की टहनियों को समय-समय पर कटाई-छटाई होनी चाहिए।

2. नई सीवर लाइन के लिए काम किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को दिक्कत न हो।

3. आवासीय कॉलोनी में कॉमर्शियल काम पर तत्काल रोक लगनी चाहिए साथ ही सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को हटाना चाहिए।

4. जलभराव की समस्या के लिए लोगों ऐसे लोगों पर पर कार्रवाई की जानी चाहिए, जिन्होंने नालियों को चोक कर रखा है।

5. रात के समय बाहरी लोगों की कॉलोनी के भीतर आवाजाही पर रोक लगनी चाहिए।

शिकायतें

1. क्षेत्र में जगह-जगह पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इससे लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानियां होती हैं।

2. आवासीय कॉलोनी में कई सारे कमर्शियल काम किए जा रहे हैं। इस पर प्रतिबंध लगना चाहिए।

3. सीवर लाइन बहुत पुरानी हो चुकी है, इससे बार-बार चोक होती है।

4. कॉलोनी में आते ही दोनों तरफ गाड़ियां खड़ी रहती है। इससे लोगों को अपने वाहन निकालने के दौरान दिक्कत होती है।

5. सड़क किनारे लगी स्ट्रीट लाइट पर पेड़ की झाड़िया आ जाती हैं। इस कारण स्ट्रीट लाइट का प्रकाश नहीं आ पाता है।

क्षेत्र के कई हिस्सों में काफी वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसके लिए शॉकपिट भी बनाए गए हैं। इसके बाद भी आज तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।

- आभा जैन

जलभराव की समस्या के लिए कुछ क्षेत्रों में नालियां बनाई गई थी। नालियों को नदी किनारे बसी बस्ती के लोगों ने पाट दिया है। निकासी नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या बनी है।

- अरुण शर्मा

क्षेत्र में बसी बस्तियों में कई परिवार निवास करते हैं। यहां पर लोगों ने किरायेदार भी रखे हुए हैं। इनका सत्यापन नहीं किया गया है। सभी किरायेदारों का सत्यापन किया जाना चाहिए।

-डॉ. देवपाल सिंह

दून विहार की लेन नंबर 1 के बाहर सुबह के समय मजदूर खड़े रहतें हैं। मजदूरों के लिए यहां पर कोई सुविधा नहीं है। इस वजह से ये लोग वहीं आसपास गंदगी फैलाते हैं।

-डॉ. बीके नेगी

दून विहार के पास खड़े मजदूरों के लिए शौचालय और बैठने की व्यवस्था होनी चाहिए। मजदूर सड़क पर ही खड़े रहते हैं, इससे महिलाएं वहां से निकलने में असहज महसूस करतीं हैं।

-निशा शर्मा

यहां पर सड़क के दोनों किनारे पेड़ लगे हुए हैं। कुछ पेड़ की टहनियां काफी फैली हुई हैं। इससे पास में लगी स्ट्रीट लाइट की रोशनी पूरी सड़क पर नहीं आती, इससे अंधेरा रहता है।

-केएस रावत

स्ट्रीट लाइट के पास लगे पेड़ों की समय-समय पर कटाई-छंटाई की जानी चाहिए। ताकि पेड़ की वजह से स्ट्रीट लाइट की रोशनी में कमी न आए। विभाग को इस पर ध्यान देना चाहिए। -मोहम्मद युसुफ

दून विहार कॉलोनी के पीछे ही बिंदाल नदी बहती है। इसके पास ही बस्ती है। बस्ती वाले अधिकतर लोग वाहन चलाने का काम करते हैं। ये लोग वाहनों को सड़क पर ही खड़े करके चलते जाते हैं।

-डॉ. आरसी अग्निहोत्री

घरों के बाहर बाहरी लोग गाड़ी खड़ी कर देते हैं। इससे अपनी सुरक्षा का डर बना रहता है। लोगों की मांग है कि कोई बाहरी लोग यहां गाड़ी पार्क न करे।

-जगदंबा प्रसाद डिमरी

दूर विहार आवासीय कॉलोनी थी लेकिन यहां पर कई कमर्शियल काम शुरू हो चुके हैं। इससे यह अब आवासीय कॉलोनी लगती ही नहीं है।

- विजय शर्मा

कमर्शियल काम की वजह से इन दुकानों में हमेशा लोग आते रहते हैं। यहां पर पार्किंग की कोई सुविधा नहीं है। लोग अपनी गाड़ी सड़क किनारे ही खड़ी कर देते हैं।

-मेहरबान रावत

इस कॉलोनी में रात-रात भर भारी वाहन चलते हैं। इस वजह से यहां पर सोना मुश्किल हो जाता है। कॉलोनी को बंद किया जाए। इससे भारी वाहन नहीं आ पाएंगे।

-मनीषा

रातभर यहां पर आवाजाही होती रहती है। अब यह कॉलोनी नहीं रही सार्वजनिक रास्ता बन गया है। बाइक वाले रात में हूटर बजाकर जाते हैं।

-राजेश्वरी

कॉलोनी में बाहरी लोगों की आवाजाही रहती है। इस वजह से यहां पर निगम को सीसीटीवी कैमरे लगने चाहिए। इससे लोगों पर नजरी रखी जा सकेगी।

- कमला पंवार

यहां पर कचरे की गाड़ी नियमित आती है। इसके बाद भी कुछ लोग सड़क पर कूड़ा डाल जाते हैं। कई बार यहां पर सफाई की जा चुकी है, फिर भी कचरा हो जाता है।

- ममता देवी

यहां की सीवर लाइन काफी पुरानी हो चुकी है। हर दो दिन बाद चोक हो जाती है। इससे हम लोगों काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

-संजय नौटियाल, पूर्व पार्षद

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।