ब्लाइंड फुटबॉल: जापान में भारत का मान बढ़ाएंगे उत्तराखंड के आदित्य, मिली दोहरी जिम्मेदारी
देहरादून के आदित्य सजवान को भारतीय ब्लाइंड फुटबॉल फेडरेशन ने आगामी 'एशिया ओशिनिया चैंपियनशिप डिवीजन-1' में गोल गाइड की जिम्मेदारी सौंपी है। वह 15 से 26 अप्रैल 2026 तक जापान में अपनी भूमिका निभाएंगे। आदित्य ने पहले भी भारतीय टीम के गोलकीपर के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेला है।
देहरादून। देहरादून के आदित्य सजवान ने खेल जगत में देवभूमि का मान बढ़ाया है। भारतीय ब्लाइंड फुटबॉल फेडरेशन ने उन पर भरोसा जताते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भारतीय पुरुष और महिला, दोनों टीमों के 'गोल गाइड' की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। आदित्य 15 से 26 अप्रैल 2026 तक जापान के ओसाका में आयोजित होने वाली 'एशिया ओशिनिया चैंपियनशिप डिवीजन-1' में दोहरी भूमिका में नजर आएंगे। इससे पहले वे स्वयं भारतीय टीम के गोलकीपर के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं। गोल गाइड के रूप में यह उनका दूसरा दौरा होगा। उनकी खिलाड़ियों के साथ बेहतरीन तालमेल और संवाद क्षमता (कम्युनिकेशन) को देखते हुए फेडरेशन ने उन पर यह दांव खेला है।
आदित्य ने गोल गाइडिंग के गुर प्रशिक्षक नरेश सिंह नयाल से सीखे हैं। वर्तमान में दोनों टीमें केरल के कोच्चि में हेड कोच सुनील जे. मैथ्यू और नेशनल को-ऑर्डिनेटर रशद एमआरसी की देखरेख में कड़ा अभ्यास कर रही हैं। राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईपीवीडी) देहरादून में नियमित अभ्यास करने वाले आदित्य की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड ब्लाइंड फुटबॉल एसोसिएशन ने गर्व और हर्ष व्यक्त किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन