Hindustan Uttarakhand Samagam 2026 LIVE: आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ सामाजिक सरोकारों को लेकर समय-समय पर आयोजन करता रहा है। इसी क्रम में आज ‘हिन्दुस्तान उत्तराखंड समागम -2026’ में प्रगतिशील उत्तराखंड के विभिन्न आयामों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने दून के होटल फेयरफील्ड बॉय मैरियट में किया। सीधी बात में सीएम धामी ने अंकिता प्रकरण से लेकर, यूसीसी, मजारों पर बुलडोजर ऐक्शन समेत कई सवालों का बेबाकी से जवाब दिया।
25 Feb 2026, 12:27:25 PM IST
रात 2 बजे मुसीबत आई तो किसे करेंगे कॉल: मोदी या शाह?
इंटरव्यू के दौरान जब एंकर ने एक मजेदार लेकिन पेचीदा सवाल पूछा कि "अगर आप रात के 2 बजे किसी बड़ी मुसीबत में फंस जाएं, तो मदद के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को फोन करेंगे या गृह मंत्री अमित शाह को?" इस पर सीएम धामी ने मुस्कुराते हुए कहा, "हमारी पार्टी का वर्क कल्चर बहुत स्पष्ट और शानदार है। मुझे जवाब चुनने में कोई दुविधा नहीं है। जैसी परिस्थिति होगी, वैसा निर्णय लूंगा। मैं दोनों ही नेताओं को कॉल कर सकता हूँ और कई बार देर रात मार्गदर्शन लिया भी है।"
25 Feb 2026, 12:27:09 PM IST
हेट स्पीच की रिपोर्ट पर करारा जवाब
हाल ही में एक अमेरिकी रिपोर्ट में हेट स्पीच के मामले में उन्हें शीर्ष पर रखने के सवाल पर सीएम ने कड़ा पलटवार किया। धामी ने कहा— "मेरे प्रदेश की जनता जानती है कि मैं किसी से नफरत नहीं करता। लेकिन अगर UCC लागू करना, 'लैंड जिहाद' के खिलाफ एक्शन लेना, मुस्लिम महिलाओं का उत्पीड़न रोकना और बहन-बेटियों का जीवन बचाने के लिए कड़े कानून बनाना हेट स्पीच है, तो मैं ऐसा करता रहूंगा।"
25 Feb 2026, 12:26:50 PM IST
राहुल गांधी के लिए एक शब्द पर धामी
जवाब में सीएम धामी ने कहा कि उनको कोई गंभीरता से नहीं लेता। वर्तमान में कई प्रकरण आ गए हैं। सर्जिकल स्ट्राइक, गलवान घाटी की घटना, ऑपरेशन सिंदूर और अब एआई समिट में... दुनिया की इतनी बड़ी समिट हो रही है और वो देश को शर्मसार कर रहे हैं। वो इस स्तर पर उतारू हो गए हैं कि उन्हें सिर्फ विरोध करना है। ठीक है कि नेता प्रतिपक्ष को विरोध करना होता है। लेकिन एक काम तो ऐसा होना चाहिए कि किसी में तारीफ करें।
25 Feb 2026, 12:26:29 PM IST
रैपिड फायर राउंड
सीएम धामी से रैपिड राउंड में भी सवाल दागे गए। मदरसा- आधुनिक शिक्षा में बदलना चाहते हैं। जोशीमठ- वहां सामरिक महत्व है। पुनर्वास ठीक करना चाहते हैं। यूसीसी- एक समान कानून। केदारनाथ- भोलेनाथ का स्थान। हरीश रावत- हरीश रावत जी अनुभवी नेता हैं। उनका ज्यादातर जीवन देश की सेवा में लगा हैं। 5 जुलाई 2025 को अपने खेत में गया था। रात को खटीमा में अपने गांव में गया था। मैंने पूछा कि सारी रुपाई हो गई। मैंने सुबह रुपाई लगाई। हरीश रावत जी ने कहा कि राहुल गांधी ने कहीं खेत में कुछ किया था, मैं भी गया था तो उन्होंने कहा कि मैंने उनकी नकल की। मैंने कहा कि राहुल गांधी ऐसा काम नहीं करते कि उनके जैसा किया जाए। मैं अपने खेत में गया था। रुपाई लगाई है। मैं हरीश रावत जी को चावल खाने बुलाऊंगा। संयोग से ऐसा मौका नहीं आया। तब नवंबर के महीने में मैं फिर गांव गया। मैंने 10-10 किलो के 20 कट्टे देहरादून ला गया। फिर मैंने हरीश रावत को एक कट्टा घर दे गया।
25 Feb 2026, 12:26:11 PM IST
मोदी का सबका साथ-सबका विकास या योगी का बुलडोजर
सिर्फ एक मॉडल चुनना हो तो किसी को चुनेंगे। मोदी का सबका साथ सबका विकास या योगी जी का बुलडोजर मॉडल। जवाब में धामी ने कहा कि हर राज्य की अपनी समस्या और चुनौती होती हैं। सभी के मॉडल अपने राज्य के अनुरुप होते हैं। देश में और राज्य में एक ही मॉडल ऐसा है सबका साथ सबका विकास ही सबसे सर्वोत्तम है।
25 Feb 2026, 12:19:19 PM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026 LIVE: 'मोहम्मद' दीपक पर धामी
राहुल गांधी के मोहम्मद दीपक से मुलाकात पर धामी ने कहा कि राहुल गांधी सभी मोहम्मद नाम पसंद हैं। उन्हें मोहम्मद नाम पसंद है। इसलिए मिलने बुलाया। हम कहां तोड़ रहे हैं किसी को... हम सबको जोड़ रहे हैं। यहां डेमोग्राफी खराब हुई है, उसे ठीक कर रहे हैं। यहां राज्य में किसी प्रकार कोई ऐसा माहौल नहीं है।
25 Feb 2026, 11:33:49 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026 LIVE: मजारों को गिराने का धामी ने दिया जवाब
सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि अतिक्रमण किसी भी रूप में सही नहीं है। जहां जो भी अतिक्रमण आ रहा है, उसे हटाया जा रहा है। हमारा संकल्प है कि देवभूमि का असली संकल्प बना रहना चाहिए। सवाल पूछा गया कि योगी जी माफिया पर बुलडोजर चलाते हैं। आप मजारों पर बुलडोजर चलाते हैं… जवाब में धामी ने कहा कि अतिक्रमण जहां भी होगा, उसे हटाया जाएगा। उत्तराखंड देवभूमि है, यहां सब लोग प्रेम-शांति से रहते हैं। लेकिन किसी वर्ग विशेष को टारगेट नहीं किया जा रहा है। हम किसी भी तरह के अतिक्रमण को नहीं छोड़ेंगे।
25 Feb 2026, 11:30:26 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026 LIVE: एंजेल चकमा की हत्या नस्लभेदी नहीं- सीएम धामी
सीएम धामी ने एंजेल चकमा प्रकरण को नस्लभेदी हमला होने से इनकार किया। धामी ने कहा कि आरोपियों में एक मणिपुरी और नेपाली भी था। यह बच्चों का आपसी झगड़ा था। पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक नेपाल में है, उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
25 Feb 2026, 11:23:29 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026 LIVE: वीआईपी पर धामी क्या बोले
वीआईपी को लेकर धामी ने कहा कि इसमें किसी को बचाने का कोई सवाल नहीं है। हमने शुरू से कहा है कि किसी के पास कोई भी जानकारी है तो उसे दे दें। कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई चलेगी। जिसके खिलाफ सबूत होगा, उस पर ऐक्शन लिया जाएगा। मैं यह कहना चाहूंगा कि जिन लोगों के पास कोई मुद्दा नहीं है, वे मुद्दा ढूंढ रहे हैं।
25 Feb 2026, 11:21:45 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026 LIVE: सीबीआई जांच के आदेश क्यों दिए, धामी ने बताया
सीएम धामी ने आगे कहा कि एक ऑडियो क्लिप में दो लोग आपस में बात कर रहे हैं। उसमें एक पार्टी दिल्ली जाकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करती है। बिना कोई मुद्दा के प्रदेश में अफरा-तफरी का माहौल पैदा करते हैं। इसमें सबसे ज्यादा पीड़ित माता-पिता हैं। मैंने अंकिता के माता-पिता से बात की। उन्होंने वीआईपी के लिए सीबीआई जांच की मांग उठाई। तब हमने फैसला लिया।
25 Feb 2026, 11:19:53 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026 LIVE: अंकिता हत्याकांड पर धामी
सीएम धामी ने अंकिता भंडारी हत्याकांड पर कहा कि यह वाकई दुखद घटना है। हमने घटना के तत्काल बाद आरोपियों को गिरफ्तारी के आदेश दिए। घटना के अगले ही दिन तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया। महिला आईपीएस अधिकारी की लीडरशिप का गठन किया। 6 महीने की जांच के दौरान अखबारों में भी निकाला कि किसी के पास भी कोई जानकारी है तो बताएं। उसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया कि सीबीआई जांच होनी चाहिए। अदालत ने भी एसआईटी की जांच पर संतुष्टि जताई। 1000 पेज की रिपोर्ट दायर हुई। दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। वे आज भी जेल में बंद हैं।
25 Feb 2026, 11:17:15 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026 LIVE: भाजपा नेता ही लगा रहे आरोप, धामी क्या बोले
सीधी बात में सीएम धामी से सवाल किया गया कि भाजपा के दिग्गज नेता उन पर आरोप लगा रहे हैं। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने खनन को लेकर लगाए आरोपों पर धामी ने कहा कि वो सीनियर लोग हैं, उनकी शिकायतों को हम आशीर्वाद मानते हैं।
25 Feb 2026, 11:13:26 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026 LIVE: कुंभ की तैयारियों पर सीएम धामी
सीएम पुष्कर धामी ने कुंभ की तैयारियों पर कहा कि 2021 के वक्त हरिद्वार में कुंभ था, लेकिन तब महामारी के कारण लोगों को उतना आशीर्वाद नहीं मिल पाया। इस बार हमारी कोशिश है कि कुंभ को भव्य रूप दिया जाए और चाहते हैं कि हर सनातनी को मां गंगा का आशीर्वाद मिले।
25 Feb 2026, 11:11:54 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026 LIVE: सीएम धामी से सीधी बात
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सीधी बात में कहा कि मैं फौजी का बेटा हूं। बचपन से अनुशासन सीखा है। मैंने कभी यह नहीं सोचा कि कुछ बनने आया हूं, हमेशा करने की सोच के साथ आगे बढ़ा हूं।
25 Feb 2026, 10:28:47 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026 LIVE: थोड़ी देर में सीएम धामी से सीधी बात
देहरादून में ‘हिन्दुस्तान उत्तराखंड समागम -2026’ का आगाज हो चुका है। कार्यक्रम का शुभारंभ सीएम पुष्कर धामी ने किया। इसमें उत्तराखंड के खेल, मनोरंजन समेत विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां उपस्थित हैं। कुछ देर में सीएम धामी अपनी बात रखेंगे।
25 Feb 2026, 09:28:26 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: अभिलाष की ‘घरजवैं’ फिल्म की शूटिंग हुई थी पैतृक गांव में
अभिलाष का जुड़ाव आज भी पहाड़ों से बना हुआ है। वह अपने पौड़ी जिले के खातस्यूं पट्टी के श्रीकोट गांव में आते रहते हैं। उनके अनेक रिश्तेदार देहरादून, श्रीनगर में हैं। अभिलाष को पहाड़ों के लिए कुछ करने का बड़ा मन है। इसके लिए वह मौके की तलाश में हैं। अभिलाष बताते हैं अस्सी के दशक में आई गढ़वाली फिल्म घरजवैं की शूटिंग उनके गांव वाले पहाड़ी शैली के घर में हुई। यह घर आज भी शान से खड़ा है। घरजवैं में इसे हीरोइन के घर के रूप में इस्तेमाल किया गया। इसलिए घरजवैं से उनकी भी यादें जुड़ी हुई है।
25 Feb 2026, 09:28:03 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: मुंबई का सबसे बड़ा स्ट्रगलर अभिलाष
अभिलाष ने ‘मुंबई का सबसे बड़ा स्ट्रगलर’ के नाम से लोकप्रियता हासिल की और यह लोकप्रियता आज भी उनके ऑडियंस बेस में दिखाई देती है। रेडियो के बाद अभिलाष ने अपनी प्रतिभा को और विस्तृत मंच पर प्रदर्शित किया-वे एक अभिनेता, टीवी होस्ट और सोशल मीडिया पर्सनालिटी भी बन गए। उन्होंने बॉलीवुड में ‘दिल जंगली’ (2018) से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत की। उनकी सबसे चर्चित भूमिकाओं में ‘एस्पिरिट(2021)’ में ‘एसके सर’ का किरदार है, जिसने उन्हें घर-घर में पहचान दी। इसके अलावा अभिलाष ने ‘कैनेडी, फाडु: ए लव स्टोरी(2022)’, ब्लर(2022)’, और ‘मैदान(2024)’ जैसी फिल्मों और वेब सीरीज में विविध भूमिका की। ‘कैनेडी’ को कान्स फिल्म फेस्टिवल में भी चुना गया था। जहां उन्होंने उत्तराखंडी संस्कृति का प्रतीक ऐपण कला को रेड कार्पेट पर गर्व से प्रदर्शित किया।
25 Feb 2026, 09:27:41 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: अभिलाष ने रेडियो जॉकी से की शुरुआत
अपने अभिनय कॅरियर की शुरुआत उन्होंने कॉलेज के दिनों में रेडियो जॉकी के रूप में की, जहां उन्होंने 94.3 रेडियो वन, फीवर 104 एफएम और 93.5 रेड एफएम जैसे रेडियो नेटवर्क्स पर अपने आकर्षक रवैये और दिलचस्प आवाज से लाखों श्रोताओं का दिल जीता।
25 Feb 2026, 08:59:38 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: अभिलाष का रेडियो से रील तक का सफर
भारतीय मनोरंजन जगत के बहुमुखी कलाकार अभिलाष थपलियाल ने अपने सफर को प्रेरणादायक कथा में बदला है, जो आज युवा कलाकारों के लिए आशा और समर्पण की मिसाल बन चुका है। दिल्ली में जन्मे अभिलाष ने पढ़ाई के दौरान अपना पेशा तय कर लिया था। वह पेशा कोई आम पेशा नहीं था। शुरुआत में उनकी आकांक्षा भारतीय सेना में अधिकारी बनने की थी, जैसा कि उनके पिता के पद तथा अनुशासन से प्रेरित होकर उन्होंने सचा था। हालांकि नेशनल डिफेंस अकादमी (एनडीए) में चयन न हो पाने के बाद उनके रास्ते बदल गए।
25 Feb 2026, 08:24:22 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: मोमो खाएंगी और मसूरी घूमने जाएंगी रूप
जौलीग्रांट एयरपोर्ट से मसूरी रोड तक गाड़ी से सफ़र के दौरान रूप दून की गलियों और सड़कों को देखकर एक छोटी बच्ची की तरह ख़ुश होती रही। रास्ते भर जगहों और दुकानों को देखकर अपने पुराने दिन याद करती रही। खासकर दून की सड़कों पर वह मोमो की दुकानें खोजती रही। उन्होंने बताया कि दून के मोमो उन्हें काफ़ी पसंद हैं। लेकिन काफ़ी समय से वह मोमो नहीं खा पाईं। इस बार वह मोमो जरूर खाएंगी और फिर मसूरी भी घूमेंगी। उन्होंने कहा कि मसूरी बहुत अच्छा पर्यटक स्थल है।
25 Feb 2026, 08:22:57 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: दुर्गापाल का उत्तराखंड के युवाओं को संदेश
रूप ने कहा कि उत्तराखंड की वादियों में उन्हें सुकून और अपनापन मिलता है। उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें समय मिलता है वह देवभूमि जरूर आती हैं। यहां का शांत वातावरण मानसिक ऊर्जा देता है। अपने कॅरियर के सफर को याद करते हुए उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में उन्हें कई बार असफलताओं का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने कहा कि हर रिजेक्शन ने उन्हें मजबूत बनाया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उत्तराखंड के युवाओं को संदेश देते हुए रूप ने कहा कि अगर आपके अंदर प्रतिभा और मेहनत करने का जज्बा है तो कोई भी सपना दूर नहीं है।
25 Feb 2026, 08:22:26 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: दुर्गापाल ने उत्तराखंड से अपने जुड़ाव पर विचार साझा किए
देहरादून में बातचीत में उन्होंने अपने करियर, संघर्ष, ओटीटी प्लेटफॉर्म और उत्तराखंड से अपने जुड़ाव पर विचार साझा किए। उन्होंने सोशल मीडिया और रील्स कल्चर को लेकर कहा कि ये रील्स के सुपर स्टार टिकाऊ नहीं हैं। रातों रात स्टार बनना अच्छी बात हैं, लेकिन उस स्तर को बनाए रखने के लिए जी तोड़ मेहनत लगती हैं।
25 Feb 2026, 08:22:10 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: नई वेब सीरीज में नाना पाटेकर के साथ दिखेंगी दुर्गापाल
रूप ने अपने काम के बारे में बताया कि जल्द ही वह प्रकाश झा की पॉलिटिकल वेब सीरिज में नाना पाटेकर के साथ दिखेंगी। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहली बार अपनी एक फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड में की हैं। यह जल्द रिलीज होगी। इसके अलावा उनकी कुछ और फिल्में और वेब सीरिज भी आने वाली हैं।
25 Feb 2026, 08:21:53 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: उत्तराखंडी होने पर गर्व : दुर्गापाल
देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और यहां के लोगों की सादगी उनकी सबसे बड़ी पहचान हैं। यह बात मंगलवार को दून पहुंची अभिनेत्री रूप दुर्गापाल ने कही। उन्होंने कहा कि उन्हें उत्तराखंडी होने पर गर्व है। दुर्गापाल हर मंच पर कहतीं हैं कि वह उत्तराखंड से हैं। उन्होंने इस पर अफसोस जताया कि मुंबई में कई कलाकार खुद को उत्तराखंडी बताने में हिचकिचाते हैं। जो कि गलत है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी जड़ों को कभी छोड़ना नहीं चाहिए।
25 Feb 2026, 07:58:33 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: हेमंत ने अपनी नई फिल्म वेलकम टू जंगल के बारे में बताया
हेमंत पांडेय ने अपनी नई फिल्म वेलकम टू द जंगल के बारे में बताया कि इस फिल्म में अभिनेता अक्षय कुमार समेत 40-50 किरदार हैं। वह कॉमेडी करते नजर आएंगे। दूसरी फिल्म हांटेड-2 हॉरर फिल्म जल्द रूपहले पर्दे पर दिखेगी। यह कहना है ऑफिस-ऑफिस में पांडेजी का किरदार करने वाले कलाकार हेमंत और सिने आर्टिस्ट एसोसिएशन के सीनियर ज्वाइंट सेक्रेटरी हेमंत पांडे का।
25 Feb 2026, 07:58:12 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: उत्तराखंड में जरूरतमंदों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम
हेमंत पांडेय ने कहा कि उत्तराखंड के लोग बाहरी राज्यों में ऊंचे पदों पर है जो गौरवांवित करता है। सरकार को चाहिए कि वह जरूरतमंदों के लिए बनाई गई योजना का लाभ लेने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करे। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों से पहले या बाद में होने वाला परिसीमन क्षेत्रफल के आधार पर होना चाहिए।
25 Feb 2026, 07:27:36 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: हिमालय बेल्ट को दिया जाए विशेष पैकेज
फिल्म कलाकार हेमंत पांडेय ने देहरादून पहुंचने पर कहा कि उत्तराखंड में पलायन के कारण गांव खाली हो रहे हैं। उत्तराखंड के सीमांत और हिमालय बेल्ट के गांवों में माता-बहनों और बुजुर्गों को केंद्र और राज्य सरकार की ओर से विशेष पैकेज या प्रोत्साहन राशि दी जानी चाहिए। हेमंत ने कहा कि हिमालयन बेल्ट देश की सीमा है। गांवों में बाघ, भालू, बंदर-सुअर चिंता बढ़ा रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी गांव में रहने वाले लोग पूर्वजों की माटी और संस्कृति को बचा रहे हैं। वह प्रहरी के रूप में गांव में हैं। पलायन अच्छे के लिए होना बढ़िया है, मजबूरी में पलायन चिंतित करने वाला है।
25 Feb 2026, 07:25:44 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: सुबह साढ़े 10 बजे सीएम धामी का साक्षात्कार
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: ‘हिन्दुस्तान उत्तराखंड समागम-2026’ का कार्यक्रम सुबह 10:35 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष साक्षात्कार के साथ शुरू होगा, जिसके बाद 11:15 बजे विभिन्न क्षेत्रों के चमकते सितारों को सम्मानित किया जाएगा। समागम का पहला सत्र दोपहर 11:30 बजे सिनेमाई जगत के नाम रहेगा, जिसमें अभिनेता हेमंत पांडेय, रूप दुर्गापाल और अभिलाष थपलियाल अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके पश्चात, दोपहर 12:00 बजे से दूसरे सत्र में विमला गुंज्याल (रिटायर आईपीएस), खड़क सिंह रावत और कर्नल यशपाल नेगी (सेवानिवृत्त) जैसे दिग्गज 'रिवर्स पलायन' की चुनौतियों और उम्मीदों पर चर्चा करेंगे। कार्यक्रम का समापन दोपहर 12:30 बजे तीसरे सत्र के साथ होगा, जहाँ भारतीय महिला क्रिकेटर राघवी बिष्ट, मयंक मिश्रा और ब्लाइंड फुटबॉल टीम की कप्तान शेफाली रावत खेल के मैदान में उत्तराखंड के बढ़ते दबदबे पर अपने विचार रखेंगी।
25 Feb 2026, 07:24:27 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: तीसरे सत्र में दिग्गज खिलाड़ी रखेंगे अपने विचार
तीसरे सत्र में ‘उत्तराखंड की उमंग-खेल, खिलाड़ी’ विषय पर भारतीय महिला क्रिकेटर राघवी बिष्ट, क्रिकेटर मयंक मिश्रा और ब्लाइंड भारतीय फुटबाॅल टीम की कप्तान शेफाली रावत विचार रखेंगी।
25 Feb 2026, 07:20:29 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: दूसरे सत्र में आईपीएस विमाल गुंज्याल करेंगे चर्चा
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: ‘हिन्दुस्तान उत्तराखंड समागम -2026’ का दूसरा सत्र ‘उत्तराखंड की उम्मीद-रिवर्स पलायन की तस्वीर’ विषय पर होगा। इसमें सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी विमला गुंज्याल, पूर्व आयकर आयुक्त खड़क सिंह रावत और कर्नल यशपाल नेगी (सेवानिवृत्त) चर्चा में शामिल होंगे।
25 Feb 2026, 07:20:29 AM IST
Hindustan Uttarakhand Samagam 2026: हेमंत पांडेय समेत कई हस्तियां रखेंगे विचार
‘हिन्दुस्तान उत्तराखंड समागम -2026’ के पहले सत्र में ‘उत्तराखंड के सितारे-सिने कलाकार’ विषय पर फिल्म अभिनेता हेमंत पांडेय, अभिनेत्री रूप दुर्गापाल और अभिनेता अभिलाष थपलियाल विचार पेश करेंगे।