Congress MLA Son Attacked 100 Metres from Home MLA Warns I Will Catch the Attackers Myself उत्तराखंड कांग्रेस विधायक के बेटे पर जानलेवा हमला, घर से 100 मीटर दूर वारदात; ICU में भर्ती, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

उत्तराखंड कांग्रेस विधायक के बेटे पर जानलेवा हमला, घर से 100 मीटर दूर वारदात; ICU में भर्ती

कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे पर घर से 100 मीटर दूर जानलेवा हमला हुआ है। वे अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं। विधायक ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस नहीं पकड़ पाई तो वे खुद हमलावरों को पकड़ लेंगे।

Mon, 19 Jan 2026 12:42 PMGaurav Kala रुद्रपुर
share
उत्तराखंड कांग्रेस विधायक के बेटे पर जानलेवा हमला, घर से 100 मीटर दूर वारदात; ICU में भर्ती

उत्तराखंड में किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के छोटे पुत्र और पार्षद सौरभ बेहड़ पर रविवार को नकाबपोश युवकों ने डंडों से हमला कर दिया। हमले में सौरभ गंभीर घायल हो गए। उनकी कमर और हाथ में गंभीर चोट आई है। वे अस्पताल में भर्ती हैं। हमले के बाद विधायक काफी व्यथित नजर आए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर पुलिस या सरकार आरोपियों को नहीं ढूंढ पाई वे खुद उन्हें ढूंढ लेंगे...। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने थाना प्रभारी को मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मामले में देर रात तक मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया था।

विधायक बेहड़ का परिवार रुद्रपुर में आवास विकास में रहता है। उनके बेटे सौरभ को रविवार शाम करीब सात बजे ट्रांजिट कैंप थाने से पूर्व के एक विवाद में मध्यस्थता के लिए फोन आया था। वह थाने के लिए निकले। इस दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर स्कूटर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। इससे सौरभ सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि नकाबपोश युवकों ने उन पर डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गए। शोर-शराबे पर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हुए तो हमलावर फरार हो गए। मामले की सूचना पर ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंच गई। विधायक बेहड़, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समेत कई जनप्रतिनिधि व समर्थक भी पहुंच गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में कोरी ठंड के बीच गुड न्यूज, इस दिन से पश्चिमी विक्षोभ लाएगा बारिश
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड: विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार, सीएम ने जारी किया फंड
ये भी पढ़ें:आवारा पशुओं को पालने पर उत्तराखंड सरकार देगी रुपये, हर महीना कितनी होगी कमाई?

मामला क्या है

बताया जा रहा है कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में सौरभ बेहड़ और कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पूर्व में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिस पर दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। विधायक बेहड़ के अनुसार, रविवार शाम उनके बेटे सौरभ को ट्रांजिट कैंप थाने से फोन कर मामले में समझौते के लिए बुलाया गया था। इसी संबंध में सौरभ ने पहले उनसे चर्चा की और उनके कहने पर स्कूटी से थाने के लिए निकल पड़े। रास्ते में ही कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया। घायल सौरभ का रुद्रपुर स्थित फुटेला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संबंधित डीवीआर भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है और हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है।

विधायक बोले- बेटे पर हमले के आरोपियों को खुद ढूंढूंगा

हमले की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की अस्पताल में भीड़ जुट गई। इस दौरान नेताओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस पर विधायक बेहड़ ने कहा कि वह कमजोर नहीं हैं और जिसने भी उनके बेटे पर हमला किया है, उसका जल्द खुलासा होगा। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी पिता के लिए अपने बेटे पर हुआ हमला बर्दाश्त करना संभव नहीं है। घटना की जानकारी मिलने पर विधायक शिव अरोरा भी अस्पताल पहुंचे और सौरभ से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

वहीं घटना के बाद सीओ प्रशांत कुमार भी अस्पताल पहुंचे और मामले की विस्तृत जानकारी लेकर जांच के निर्देश दिए। वहीं विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि बेटे को कमर में भी चोट मारी गई है। साथ ही हाथ का भी एक्सरे कराया गया है, जिससे चोटों की स्थिति स्पष्ट हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तो बेटे का इलाज चल रहा है और चोटें ज्यादा हैं।

सीएम ने विधायक बेहड़ से की बात

पार्षद सौरभ बेहड़ पर हुए हमले के बाद मेयर विकास शर्मा उनका हाल जानने अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को फोन पर मामले की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधायक बेहड़ से बात की। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।