शीतलहर की चपेट में उत्तराखंड, बदरीनाथ-हेमकुंड में 5 फीट तक बर्फ; तस्वीरों में देखें
मौसम के अचानक बदले मिजाज के कारण उत्तराखंड का पहाड़ी इलाका शीतलहर की चपेट में है। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी में पांच फीट तक बर्फ जमी है। तस्वीरों में देखें।

उत्तराखंड में रविवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। इससे गढ़वाल-कुमाऊं के ऊंचाई वाले जनपदों में हल्की बर्फबारी जबकि कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि हुई। मौसम विभाग ने आगे भी तेज बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। मौसम के बदले मिजाज से पूरा पहाड़ी क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया है। बदरीनाथ, सिखों के तीर्थ हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी में चार से पांच इंच तक बर्फ जम गई हैं। वहीं हिल स्टेशन औली में 4 इंच तक बर्फ जमी है। बर्फबारी के बाद काफी संख्या में पर्यटक औली पहुंच रहे हैं। बर्फ से ढकने के बाद औली का नजारा जादुई एहसास दे रहा है।

भारत तिब्बत की सीमा पर अंतिम बसावट वाली नीति घाटी में भी बर्फ की चादर बिछी हुई है। नीति घाटी में स्थित छोटा अमरनाथ टिम्मरसैंण महादेव के दर्शन करने भारी संख्या में सोमवार को लोग जोशीमठ से नीति के लिए रवाना हुए। अचानक हुई बर्फबारी को काश्तकार भी लाभप्रद मान रहे हैं। काश्तकारों के अनुसार, इस बर्फबारी से भूमिगत जल स्रोत रिचार्ज होंगे और फसलों में कीट पतंग भी कम लगेंगे। वहीं बर्फबारी के बाद पर्यटकों पर्यटन कारोबारीयों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
नैनीताल में ओलावृष्टि
नैनीताल में रविवार तड़के जबरदस्त ओलावृष्टि के बाद हल्की बारिश हुई। इसके चलते ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिली। हालांकि, दोपहर को हल्की धूप खिलने से थोड़ी राहत मिली। शहर में फरवरी से तापमान बढ़ता जा रहा था।

दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी महसूस होने लगी थी। इधर, रविवार सुबह मौसम अचानक बदला और तेज ओलावृष्टि होने लगी। जिससे सड़कों, रास्तों आदि में ओलों की सफेद चादर बिछ गई। आलोवृष्टि रुकने के बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। दोपहर बाद हल्की धूप खिली। मौसम के इस बदले मिजाज ने पर्यटकों को भी आकर्षित किया।
मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। जिसमें हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और चम्पावत शामिल हैं। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र नैनीताल के अनुसार रविवार को नैनीताल का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के वायुमंडलीय वैज्ञानिक डॉ. नरेंद्र सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। यह पश्चिमी विक्षोभ कम सक्रिय है जिसका असर एक से डेढ़ दिन तक रहता है। रविवार की छुट्टी मनाने सुबह से ही पर्यटक मालरोड, मल्लीताल बाजार, पंत पार्क, जू सड़क, हिमालय दर्शन और बारापत्थर क्षेत्र में घूमते दिखाई दिए। वहीं बाजार में पर्यटक गर्म कपड़े खरीदते नजर आए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन