car smashed after colliding with truck due to Dense fog in rishikesh 4 killed on the spot उत्तराखंड में कोहरा बना काल, ट्रक से टकराई कार के परखच्चे उड़े; 4 की मौके पर मौत, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

उत्तराखंड में कोहरा बना काल, ट्रक से टकराई कार के परखच्चे उड़े; 4 की मौके पर मौत

उत्तराखंड में घने कोहरे ने पांच लोगों की जान ले ली। ऋषिकेश में ट्रक से टकराई कार के परखच्चे उड़ गए। इसमें चार की मौके पर मौत। वहीं, रुड़की में कोहरे के कारण हादसे में एक की जान चली गई।

Wed, 17 Dec 2025 07:22 AMGaurav Kala ऋषिकेश/रुड़की
share
उत्तराखंड में कोहरा बना काल, ट्रक से टकराई कार के परखच्चे उड़े; 4 की मौके पर मौत

उत्तराखंड में कोहरा के चलते तीन अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की जान चली गई और एक अन्य घायल हो गया। ऋषिकेश में मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना कोहरे के चलते हुई। एक अन्य हादसा रुड़की का है। यहां घने कोहरे की वजह से दो अलग-अलग हादसों में एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है।

ऋषिकेश सड़क हादसे में प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की छत क्षतिग्रस्त होकर अलग हो गई थी। इस हादसे में जान गंवाने वाले कार सवार चार लोगों के शरीर के टुकड़े सड़क पर बिखरे हुए थे और खून भी पसरा हुआ था। इस हादसे में जान गंवाने वाले दो लोग चंद्रेश्वरनगर और गुमानीवाला के रहने वाले थे।

परिवारों में मातम

जैसे ही दो परिवारों को इस हादसे की जानकारी मिली, हर कोई स्तब्ध हो गया। रोते-बिलखते परिवारवाले मौके पर पहुंचे। दूसरी ओर, पुलिस ने क्षत-विक्षत चार शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि कार ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसी हुई थी।

सड़क सुरक्षा नहीं

इस दर्दनाक हादसे ने ऋषिकेश से लेकर देहरादून तक एक बार फिर रफ्तार पर लगाम, रेलवे फाटक के आसपास सुरक्षा उपाय और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मनसा देवी फाटक के पास पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है। यह इलाका पहले भी दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील रहा है, बावजूद इसके यहां सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।