BJP MP naresh bansal statement over Ankita Bhandari Case No Problem with CBI Probe If Needed Will Consider ‘सीबीआई जांच से परहेज नहीं, अगर जरूरत पड़ी तो’, अंकिता भंडारी केस में भाजपा सांसद का बयान, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

‘सीबीआई जांच से परहेज नहीं, अगर जरूरत पड़ी तो’, अंकिता भंडारी केस में भाजपा सांसद का बयान

अंकिता भंडारी केस को लेकर उत्तराखंड में बवाल और रोष के बीच भाजपा सांसद नरेश बंसल ने कहा है कि सीबीआई जांच से कोई परहेज नहीं है, जरूरत पड़ी तो करेंगे। 

Tue, 6 Jan 2026 07:44 AMGaurav Kala देहरादून
share
‘सीबीआई जांच से परहेज नहीं, अगर जरूरत पड़ी तो’, अंकिता भंडारी केस में भाजपा सांसद का बयान

उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी केस को लेकर प्रदेशभर में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। दरअसल, मामले में जब से वीआईपी की बात सामने आई है, सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर हैं और उस वीआईपी का नाम उजागर करने की मांग कर रहे हैं। इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि सरकार को अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने से कोई परहेज नहीं है। जरूरत पड़ी तो सीबीआई जांच कराई जाएगी। हालांकि उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच में सभी तथ्य साफ हो चुके हैं जिसके आधार पर दोषियों को सजा भी हो चुकी है। बंसल ने यह बातें भाजपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान कहीं।

बंसल ने इस दौरान विपक्ष को आड़े हाथ लिया। उन्होंने विपक्ष पर अंकिता मामले में गैरजिम्मेदाराना व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा,कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस मामले में भी राजनीति करके प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दून में रविवार को प्रदर्शन के दौरान बैनर फाड़ने और अभद्रता की निंदा करते हुए कहा कि इस आंदोलन के अराजक तत्वों के हाथ में जाने की आशंका है। एक सवाल के जवाब में बंसल ने कहा कि इस मामले में पुलिस जल्द ही सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर से पूछताछ करेगी। उसके बाद ही वायरल ऑडियो की पूरी सच्चाई सामने आएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अंकिता भंडारी मर्डर; दुष्यंत गौतम ने कांग्रेस और AAP पर किया मानहानि का मुकदमा
ये भी पढ़ें:अंकिता को न्याय दिलाने सड़कों पर हुजूम, काउंटर अटैक में भाजपा भी उतरी

कुछ लोग 2027 चुनाव के लिए संभावनाएं तलाश रहेः बंसल

बंसल ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे में कुछ लोग वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए संभावनाएं तलाश रहे हैं। ऐसा करने के प्रयास में, वे न सिर्फ बार-बार प्रदेश की छवि और माहौल खराब कर रहे हैं बल्कि दिवंगत बेटी अंकिता की आत्मा को अपमानित करने का भी प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

वीआईपी आरोपी को बचाने में जुटी सरकार: गोदियाल

दूसरी तरफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोमवार को आरोप लगाया कि अंकिता की हत्या में शामिल वीआईपी का नाम उजागर होने के बाद भी सरकार उसे बचाने का काम कर रही है। इससे प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ नकारात्मक माहौल है। गणेश ने रुद्रप्रयाग में पत्रकार वार्ता में कहा कि अंकिता को इंसाफ मिलने तक कांग्रेस प्रदेशभर में न्याय यात्रा जारी रखेगी।

गोदियाल बोले-भाजपा, इस मामले में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन व पुतला दहन कर रही है जो हास्यास्पद है। उन्होंने कहा,भाजपा के प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं की जा रही हैं। उत्तराखंड में भाजपा के राज में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। गोदियाल ने कहा कि इस मामले को आगामी चुनाव से जोड़कर बयान दिए जा रहे हैं जबकि इनका आपस में कोई लेना-देना नहीं। अंकिता हत्याकांड में कांग्रेस पहले दिन से सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। आज स्थिति ये है कि भाजपा पदाधिकारी भी पार्टी से इस्तीफा देकर सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा-मामले की सीबीआई जांच और वीआईपी का नाम उजागर होने तक कांग्रेस लड़ाई जारी रखेगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।