बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई ने VIP पर दर्ज किया केस, खंगालेगी पुराने रिकॉर्ड
अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई ने अज्ञात वीआईपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सीबीआई ने पुलिस से जांच अपने हाथ ले ली है। टीम जल्द पुराने रिकॉर्ड खंगालेगी।

उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की जांच को लेकर सीबीआई दिल्ली की एससी-2 यूनिट में केस दर्ज किया गया है। मुकदमा अज्ञात वीआईपी पर दर्ज किया गया है। सीबीआई ने पुलिस से मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। अब सीबीआई टीम पुराने रिकॉर्ड खंगालेगी।
अंकिता के माता-पिता ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी। अंकिता के पिता ने कहा था कि उनकी बेटी की हत्या एक ‘वीआईपी’ की वजह से हुई, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हुई है। माता-पिता की मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कथित ‘वीआईपी’ की भूमिका की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। सूत्रों के अनुसार, मुकदमा दर्ज करने के तुरंत बाद ही सीबीआई की एक विशेष टीम देहरादून पहुंच चुकी है।
सीबीआई ने पुलिस से टेकओवर किया केस
सीबीआई की विशेष टीम ने राज्य पुलिस से केस से जुड़े तमाम दस्तावेज और साक्ष्य अपने कब्जे में ले लिए हैं। सीबीआई का मुख्य फोकस पुलिस की अब तक की जांच में मिले तथ्य और कथित वीआईपी की पहचान और भूमिका की जांच करने पर होगा।
कब क्या हुआ
18 सितंबर 2022 को ऋषिकेश स्थित वंतारा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम कर रही अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। 24 सितंबर 2022 को अंकिता का शव चीला नहर से बरामद हुआ था। इस मामले में रिज़ॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, मैनेजर सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।
वायरल ऑडियो-वीडियो के बाद फिर सुर्खियों में मामला
यह मामला उस समय और अधिक सुर्खियों में आया, जब सोशल मीडिया पर कुछ कथित ऑडियो और वीडियो क्लिप वायरल हुए। इन क्लिप्स में ज्वालापुर से एक पूर्व भाजपा विधायक की कथित पत्नी उर्मिला सनावर ने एक ‘VIP’ की संलिप्तता का जिक्र किया था। इसके बाद पूरे राज्य में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए और CBI जांच की मांग तेज हो गई।
वायरल वीडियो और राज्य में बने हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 9 जनवरी 2026 को इस मामले की CBI जांच की सिफारिश की थी। अब CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने कथित ‘VIP’ व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन