5-year-old boy, elderly woman killed in leopard attacks in Uttarakhand उत्तराखंड में तेंदुए का आतंक, हमले में 5 साल के मासूम और बुजुर्ग महिला की मौत, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

उत्तराखंड में तेंदुए का आतंक, हमले में 5 साल के मासूम और बुजुर्ग महिला की मौत

रुद्रप्रयाग जिले में जहां एक 5 वर्षीय बच्चे की तेंदुए के हमले में दर्दनाक मौत हो गई, वहीं नैनीताल जिले में जंगल से चारा लेने गई 60 वर्षीय महिला को भी तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया।

Wed, 4 Feb 2026 01:22 PMRatan Gupta पीटीआई, रुद्रप्रयाग
share
उत्तराखंड में तेंदुए का आतंक, हमले में 5 साल के मासूम और बुजुर्ग महिला की मौत

उत्तराखंड के दो अलग-अलग जिलों में तेंदुए के हमलों ने एक बार फिर वन्यजीव-मानव संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रुद्रप्रयाग जिले में जहां एक 5 वर्षीय बच्चे की तेंदुए के हमले में दर्दनाक मौत हो गई, वहीं नैनीताल जिले में जंगल से चारा लेने गई 60 वर्षीय महिला को भी तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया।

5 साल के बच्चे को उठा ले गया तेंदुआ

रुद्रप्रयाग जिले के सिंद्रावणी गांव में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब घर के आंगन में खेल रहे एक 5 वर्षीय बच्चे को तेंदुआ अचानक उठा ले गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेंदुआ बच्चे को घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

रुद्रप्रयाग के उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी ने बताया कि सात टीमों ने लगातार तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद रात करीब 11 बजे जंगल से बच्चे का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। मृतक बच्चे की पहचान दक्ष बिष्ट के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

8 स्कूलों में 2 दिन की छुट्टी घोषित

घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। संभावित खतरे को देखते हुए वन विभाग ने विभिन्न स्थानों पर पिंजरे लगाने और लगातार गश्त करने का निर्णय लिया है। वहीं, जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के आठ स्कूलों में अगले दो दिनों की छुट्टी घोषित कर दी है।

60 साल की गंगा देवी की मौत

इधर, नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र के जूना एस्टेट इलाके में 60 वर्षीय गंगा देवी की तेंदुए के हमले में मौत हो गई। गंगा देवी सोमवार को मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह जंगल के अंदर उनका शव मिला, जिस पर तेंदुए के हमले के स्पष्ट निशान थे।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में लंबे समय से तेंदुए की गतिविधियां देखी जा रही थीं, लेकिन वन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने क्षेत्र में तुरंत पिंजरे लगाने की मांग की है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गश्त बढ़ा दी गई है और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।