मैं मरता हूं तो भाजपा विधायक होंगे जिम्मेदार, युवक ने खुद पर छिड़का पेट्रोल; वीडियो वायरल
उन्नाव में सोशल मीडिया पर गुरुवार को एक वीडियो दिनभर वायरल रहा। वायरल वीडियो में एक युवक खुद पर पेट्रोल छिड़क कर बोलते नजर आ रहा है कि अगर मैं मरता हूं तो इसके जिम्मेदार भगवंतनगर विधायक और उनका परिवार होगा।

यूपी के उन्नाव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां सोशल मीडिया पर गुरुवार को एक वीडियो दिनभर वायरल रहा। वायरल वीडियो में एक युवक खुद पर पेट्रोल छिड़ककर बोलते नजर आ रहा है कि अगर मैं मरता हूं तो इसके जिम्मेदार भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला और उनका परिवार होगा। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान ऐसे किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। युवक श्रीनगर मोहल्ला निवासी रोहित बताया गया, जिसके खिलाफ उसकी पत्नी की ओर से गंगाघाट थाना में घरेलु हिंसा की रिपोर्ट दर्ज है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
श्रीनगर निवासी रोहित ने खुद पर केन से पेट्रोल छिड़कर एक वीडियो रिकार्ड किया, जोकि सोशल मीडिया पर वायरल है। वायरल वीडियो में वह साफ कहता नजर आ रहा है, "अगर मैं आज की डेट में मरता हूं तो इसका जिम्मेदार भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला, धीरेंद्र शुक्ला और उनके परिवार के सदस्य होंगे। सभी से शालीनता से बात की। उन लोगों ने बदतमीजी से बात की। मेरा बाप मरा तो कोई भी विधायक सांत्वना देने नहीं आया। उन्नाव जिले में कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बीजेपी सरकार एकदम निंदनीय सरकार है। बीजेपी सरकार का विरोध करता हूं।"
युवक आगे कहता नजर आ रहा है, "विधायक की वजह से मेरा पूरा परिवार खत्म हो गया है। एसआई गजेंद्र को फोन किया। एसपी से फरियाद की। लखनऊ तक शिकायत भेजी लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। सिर्फ विधायक की सुनवाई हो रही है। जिस जगह से मुझे उठाया गया। उसका एक-एक सबूत है। जैसे मेरा बाप मरा है, वैसे मैं भी मरने को तैयार हूं।" इसके लिए विधायक समेत राघव रिसॉर्ट के विजय त्रिपाठी, बबलू राम जी तिवारी आदि का नाम लेते हुए जिम्मेदार बताया। पुरवा विधायक से फरियाद करने और उनके शिकायती पत्र मांगने की बात भी वायरल वीडियो में कही। कहा कि अगर मैं गलत हूं तो मेरा सर्वनाश हो जाए, नहीं तो विधायक का सर्वनाश हो जाए। दोबारा भगवंतनगर में बीजेपी की सरकार न बने।
नशे में धुत होकर घर आकर की गाली-गलौज: विधायक
वायरल वीडियो को लेकर भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला ने बताया कि उनके यहां अवस्थी खेड़ा निवासी शिवम मिश्रा कंप्यूटर ऑपरेटर है। शिवम की बहन रोहित से ब्याही है। रोहित के खिलाफ उसकी पत्नी की ओर से घरेलू हिंसा की रिपोर्ट दर्ज है। बुधवार शाम अपने गनर के साथ मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था, तभी रोहित बाइक से आया। नशे में धुत था। उसने देखते ही गालियां देनी शुरू कर दी। उसे समझाया गया। पर गालियां देता रहा। इसके बाद बाइक स्टार्टकर भाग निकला। मामले में विधायक प्रतिनिधि सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने शहर कोतवाली में आरोपित रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।




साइन इन