Young men were framed mobile phone robbers by planting knives pockets UP Police misconduct was exposed video लुटेरों के जेब में रखा चाकू-फोन, फिर बनाया बरामदगी का वीडियो, चार पुलिसकर्मी लाइनहाजिर, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

लुटेरों के जेब में रखा चाकू-फोन, फिर बनाया बरामदगी का वीडियो, चार पुलिसकर्मी लाइनहाजिर

अलीगढ़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें यूपी पुलिस की करतूत सामने आई है। पुलिस ने दो युवकों की जेब में चाकू रखकर उन्हें लुटेरा साबित करके गिरफ्तार कर लिया।

Mon, 26 Jan 2026 07:34 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, अकराबाद (अलीगढ़)
share
लुटेरों के जेब में रखा चाकू-फोन, फिर बनाया बरामदगी का वीडियो, चार पुलिसकर्मी लाइनहाजिर

यूपी पुलिस के दरोगा और सिपाही अपनी करतूतों के चलते कई बार विभाग को शर्मसार कर चुके हैं। ऐसा ही मामला यूपी के अलीगढ़ से सामने आया है। दो माह पहले मोबाइल लूट में दो लोगों की गिरफ्तारी के मामले में पुलिस की करतूत सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी पहले दोनों आरोपियों के जेब में चाकू व फोन रखते दिख रहे हैं। फिर उसी चाकू व फोन की बरामदगी दिखाकर वीडियो बना रहे हैं। मामले में एसएसपी ने एसपी देहात को 48 घंटे के अंदर जांच करके आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निष्पक्ष जांच के लिए दो दरोगा समेत चारों पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर किया गया है।

29 नवंबर 2025 को अकराबाद थाना क्षेत्र के पनैठी निवासी युवक का दो बदमाशों ने मोबाइल फोन लूट लिया था। इस मामले में पुलिस ने पनैठी निवासी सूरज गौतम व सोनू को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। इनके पास से दो फोन व दो चाकू बरामद किए गए। उसी दौरान का एक वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर हो गया। चार मिनट 57 सेकेंड के वीडियो में चार पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं, जो एकांत स्थान पर दोनों आरोपियों के साथ हैं। पहले दोनों आरोपियों के जेब में चाकू व फोन रखा जाता है। फिर एक पुलिसकर्मी वीडियो बनाता है, जिसमें उसी चाकू व फोन की बरामदगी दिखाई जाती है। इसके बाद थाने की गाड़ी में दोनों को बैठाकर ले जाते हैं। किसी ने छत से पूरा घटनाक्रम का वीडियो बना लिया।

शनिवार सुबह एक्स हैंडल पर अलीगढ़ पुलिस को टैग करते हुए यह वीडियो डाला गया था। इसमें लिखा था कि पुलिस युवकों पर चाकू लगाकर बना रही अपराधी, पुलिसकर्मी चाकू लगाकर बना रहे वीडियो...। एसएसपी ने इसका संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से पनैठी चौकी प्रभारी एसआई रोहित संधू, चौकी पर तैनात एसआई अलख राम, सिपाही मनोज कुमार व अमित को लाइनहाजिर कर दिया। सीओ छर्रा संजीव कुमार तोमर ने बताया कि यह वीडियो करीब दो माह पहले मोबाइल लूट की घटना में वांछित लुटेरों की गिरफ्तारी करने से संबंधित है। प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर किया गया है। जांच के आधार पर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।