कार में अंगीठी जलाकर सो गया युवक, गाड़ी के अंदर दम घुटने से मौत हो गई
सोनीपत के बहालगढ़ स्थित प्लांट में बुधवार रात जलती हुई अंगीठी कार में रखकर सो रहे बागपत के निवाड़ा गांव निवासी ईंट विक्रेता युवक की दम घुटने से मौत हो गई।

यूपी और हरियाणा की सीमा पर दर्दनाक हादसा हो गया। सोनीपत के बहालगढ़ स्थित प्लांट में बुधवार रात जलती हुई अंगीठी कार में रखकर सो रहे बागपत के निवाड़ा गांव निवासी ईंट विक्रेता युवक की दम घुटने से मौत हो गई। गुरुवार सुबह उसका शव कार में पड़ा मिला। प्लांट में काम करने वाले मजदूरों ने वीडियो बनाते हुए कार का शीशा तोड़ा और परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। युवक की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बागपत कोतवाली क्षेत्र के निवाड़ा गांव का रहने वाला शाहरुख ईंट सप्लायर है। उसने हरियाणा के सोनीपत जिले के बहालगढ़ में इंटरलॉकिंग ईंट तैयार करने का प्लांट लगाया हुआ है। बताया जाता है कि बुधवार शाम शाहरुख बहालगढ़ स्थित प्लांट पर गया था। रात करीब 11 बजे प्लांट में जल रही अंगीठी उठाकर सीट पर एक पत्थर पर कार के अंदर रखने के बाद शीशे बंद कर सो गया। सुबह करीब सात बजे प्लांट पर काम करने वाले मजदूर नींद से जागे और उन्होंने शाहरुख को आवाज लगाई, लेकिन शाहरुख नहीं जागा। कार भी अंदर से लॉक मिली। कार हिलाने के बाद भी शाहरुख में कोई हलचल नहीं होने पर मजदूरों ने मोबाइल से वीडियो बनाते हुए कार का शीशा तोड़ा, तो शाहरुख अंदर मृत पड़ा मिला।
मजदूरों ने परिजनों को वीडियो भेजकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद सोनीपत पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, लेकिन मौके पर पहुंचे परिजन बगैर किसी कानूनी कार्रवाई के ही शव को गांव ले आए। जहां गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। वहीं, शाहरुख की कार का शीशा तोड़ने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसमें कार का शीशा टूटते ही अंदर से गाने बजते हुए मिले। हालांकि हिन्दुस्तान अखबार वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि निवाड़ा के युवक की हरियाणा के बहालगढ़ में मौत होने की जानकारी मिली है।




साइन इन