चाय की चुस्की लेते समय जमीन पर गिरा युवक, पल भर में चली गई जान, हार्ट अटैक की आशंका
किसी की मौत कब, किस रूप में आ जाए ये किसी को पता नहीं होता। दरअसल, मथुरा में एक शख्स चाय की दुकान पर एक युवक लोगों से बात कर रहा था। लेकिन इस दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा और देखते ही देखते उसकी मौत हो गई।

मथुरा में अचानक हुई मौत की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोवर्धन चौराहे के पास चाय की दुकान पर लोगों से बातचीत कर रहा एक युवक अचानक जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही सेकंड में उसकी मौत हो गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
जानकारी के अनुसार, राधानगर थाना क्षेत्र निवासी देवकीनंद सर्दी-जुकाम की दवा लेने के लिए अस्पताल आए थे। इलाज के बाद वह पास की चाय की दुकान पर रुक गए और वहां मौजूद लोगों से बातचीत करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देवकीनंद पूरी तरह स्वस्थ दिखाई दे रहे थे। इसी दौरान वह स्टूल उठाने के लिए नीचे झुके, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से जमीन पर गिर पड़े। पास खड़ी एक महिला ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन वह बेहोश हो चुके थे। कुछ ही पलों में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना परपरिजन मौके पर पहुंचे। डॉक्टरों का प्राथमिक अनुमान है कि देवकीनंद की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई हो सकती है। मामले की जांच की जा रही है।
बाराबंकी में क्रिकेट खेलते समय हार्ट अटैक से मौत
इससे पहले बाराबंकी जिले के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में क्रिकेट खेलते समय एक युवक की हृदय गति रुक जाने से मौत हो गई। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस के अनुसार, केथा गांव निवासी रामसेवक का बेटा 24 साल का विराट यादव 9 जनवरी की दोपहर घर से कुछ दूरी पर दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। साथी उसे तत्काल नजदीकी चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक विराट यादव पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी शादी अगले महीने होने वाली थी। वह परिवार में दो बहनों का इकलौता भाई था।




साइन इन