You won't listen without getting a dose of punishment, says Sangeet Som at the police for stopping vehicles बिना खुराक लिए नहीं मानोगे, योगी के प्रोग्राम में गाड़ियां रोकने पर पुलिस पर भड़के संगीत सोम, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बिना खुराक लिए नहीं मानोगे, योगी के प्रोग्राम में गाड़ियां रोकने पर पुलिस पर भड़के संगीत सोम

यूपी के मेरठ में सीएम योगी के स्वागत के लिए हेलीपैड पर जाते समय पूर्व विधायक संगीत सोम की पुलिस से नोकझोंक हो गई। गाड़ियां रोकने पर भड़के संगीत सोम ने कहा कि बिना खुराक लिए नहीं मानोगे। 

Thu, 22 Jan 2026 10:53 PMDeep Pandey मेरठ, हिन्दुस्तान
share
बिना खुराक लिए नहीं मानोगे, योगी के प्रोग्राम में गाड़ियां रोकने पर पुलिस पर भड़के संगीत सोम

यूपी के मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वागत के लिए हेलीपैड पर जाते समय पूर्व विधायक संगीत सोम व भाजपा के महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी की पुलिस से नोकझोंक हो गई। संगीत सोम अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ गाड़ियों के काफिले से सलावा पहुंचे थे। सलावा चौराहे पर लगी पुलिस फोर्स ने केवल उन्हें ही जाने की अनुमति दी, जबकि उनके सुरक्षाकर्मियों को रोक दिया। इस पर संगीत सोम भड़क गए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात एक सीओ को यहां तक बोल दिया कि बिना खुराक लिए नहीं मानोगे।

इस दौरान संगीत सोम से एक पुलिस अधिकारी ने किसी अधिकारी से बात कराई। इसके बाद उनके सुरक्षाकर्मियों को भी बिना गाड़ी के हेलीपैड तक जाने की अनुमति दी गई। उधर, मेरठ महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी भी अपनी कार के चालक व तीन अन्य के साथ मुख्यमंत्री से मिलने हेलीपैड के लिए चले। सलावा चौराहे से पहले ही लगे बैरियर पर उन्हें रोक दिया गया। पुलिसकर्मियों ने उनका लिस्ट में नाम चेक किया तो उसमें सिर्फ उनका नाम था। पुलिसकर्मियों ने उनकी कार पार्किंग में खड़ी कराने के लिए कहा। इस बात पर वे भड़क गए। पुलिसकर्मियों से उनकी नोकझोंक हो गई, बाद में उच्चाधिकारियों से उन्होंने बात कराई, तब जाकर उनकी गाड़ी को अंदर प्रवेश दिया गया। पूर्व विधायक संगीत सोम व महानगर अध्यक्ष के साथ हुई नोकझोंक का मामला चर्चाओं में रहा।

मंत्री दिनेश खटीक के पीछे होने पर मुख्यमंत्री ने आगे बुलाया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सख्त मिजाज के साथ-साथ अपने सहयोगियों के सम्मान के लिए भी जाने जाते हैं। ऐसा ही वाकया मेरठ में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के निरीक्षण के दौरान देखने को मिला, जिसकी चर्चा चारों ओर हो रही है। मुख्यमंत्री खेल विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा ले रहे थे। इस दौरान अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की भीड़ के कारण जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक पीछे रह गए। जैसे ही मुख्यमंत्री की नजर उन पर पड़ी, उन्होंने तुरंत टोक दिया। अधिकारियों को बीच में टोकते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा, मंत्री जी को आगे आने दो। मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही अधिकारियों ने रास्ता दिया और मंत्री दिनेश खटीक मुख्यमंत्री के बगल में आकर निरीक्षण में शामिल हुए। उनके बगल में पूर्व विधायक संगीत सोम खड़े हुए। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो और जानकारी साझा होने के बाद लोग मुख्यमंत्री के इस व्यवहार की सराहना कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने अपने सहयोगी के मान-सम्मान का ध्यान रखा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।