Yogi swings action over power cuts amidst scorching heat issues directives spanning cities villages भीषण गर्मी में बिजली कटौती पर पर ऐक्शन में आए योगी, शहर से लेकर गांव तक के लिए जारी किए निर्देश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

भीषण गर्मी में बिजली कटौती पर पर ऐक्शन में आए योगी, शहर से लेकर गांव तक के लिए जारी किए निर्देश

सीएम योगी आदित्यनाथ ने भीषण गर्मी में बढ़ती मांग के बीच गांव-शहर में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन, किसान, व्यापारी और उद्योगों को बिजली संकट न हो, इसके लिए हर स्तर पर सतत निगरानी की जाए।

Sun, 24 May 2026 03:08 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
भीषण गर्मी में बिजली कटौती पर पर ऐक्शन में आए योगी, शहर से लेकर गांव तक के लिए जारी किए निर्देश

CM Yogi Order: यूपी में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती पर सीएम योगी ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भीषण गर्मी में बढ़ती मांग के बीच गांव-शहर में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन, किसान, व्यापारी और उद्योगों को बिजली संकट न हो, इसके लिए हर स्तर पर सतत निगरानी की जाए।

ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा और राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत की मौजूदगी में रविवार को विद्युत आपूर्ति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा विभाग पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से काम करे। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़कर 13,388 मेगावाट हो गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फीडर वाइज मॉनिटरिंग, जवाबदेही तय करें, योगी की बिजली मंत्री और अफसरों को निर्देश

चार साल में 86 प्रतिशत बढ़ी बिजली की क्षमता

मीटिंग में बताया गया कि 2022 की तुलना में 2026 तक क्षमता में 86 प्रतिशत वृद्धि हुई है और गैर पारंपरिक स्रोतों से भी करीब 10 हजार मेगावॉट बिजली मिल रही है। मुख्यमंत्री ने ट्रांसमिशन नेटवर्क को और मजबूत करने को कहा। मुख्यमंत्री ने फीडर वाइज जवाबदेही तय करने और ट्रांसफॉर्मर-फीडर खराबी पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए तथा भूमिगत केबल वाले स्थलों पर खुदाई से पहले अनुमति अनिवार्य की गई है। अप्रैल-मई में तापमान बढ़ने से बिजली मांग 501 मिलियन यूनिट से बढ़कर 561 मिलियन यूनिट प्रतिदिन हो गई। बयान में बताया गया कि 2020-22 मई को उप्र बिजली मांग पूरी करने में देश में दूसरे स्थान पर रहा और योगी ने 12 राज्यों से पावर बैंकिंग के जरिए आपूर्ति प्रबंधन के निर्देश दिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आंधी-तूफान से पहले मिलेगा सटीक अलर्ट; योगी सरकार की नई तैयारी

स्मार्ट मीटर व्यवस्था को उपभोक्ता हितैशी बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को उपभोक्ता हितैषी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अब तक 89.23 लाख स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं और राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को पूर्व की भांति पोस्टपेड व्यवस्था में परिवर्तित कर दिया गया है। जून 2026 से स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिल प्रत्येक माह की एक से 10 तारीख के बीच पोस्टपेड आधार पर जारी किए जाएंगे और उपभोक्ताओं को एसएमएस, व्हाट्सऐप और ई-मेल के माध्यम से बिल उपलब्ध कराए जाएंगे। बयान में बताया गया कि साथ ही 15 मई से 30 जून तक प्रदेशभर में विशेष कैंप आयोजित कर स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिजली कटौती में चार अफसरों पर ऐक्शन, योगी सरकार ने दो को किया सस्पेंड

गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतें: ब्रजेश पाठक

यूपी के उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रचंड गर्मी और लू के बीच रविवार को राज्य के नागरिकों को खुद को और प्रियजनों को गर्मी से होने वाली बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी। उत्तर प्रदेश सरकार में चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्‍याण विभाग भाल रहे उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया मंच 'एक्‍स' पर एक पोस्ट में कहा कि 'सावधानी अपनाएं, सुरक्षित रहें, स्वस्थ रहें।' इसी पोस्ट में पाठक ने सुझाव देते हुए कहा, 'अत्यधिक गर्मी के मौसम में लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में खुद को और अपने प्रियजनों को गर्मी से होने वाली बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए जरूरी सावधानियां अवश्य अपनाएं।'

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।