योगी सरकार का बड़ा फैसला: इन 17 जिलों के 21 इंटर कॉलेजों में बनेगा इंडोर मिनी स्टेडियम
यूपी की योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। योगी सरकार ने प्रदेश के 17 जिलों के 21 राजकीय इंटर कॉलेजों में इंडोर मिनी स्टेडियम के निर्माण की मंजूरी दी है। यह निर्णय प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और युवाओं की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश में खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा फैसला है। योगी सरकार ने प्रदेश के 17 जिलों के 21 राजकीय इंटर कॉलेजों में इंडोर मिनी स्टेडियम के निर्माण की मंजूरी दी है। इस परियोजना का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें।
योगी सरकार ने प्रत्येक इंडोर मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए 4 करोड़ 92 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसके तहत प्रथम किस्त के रूप में 2 करोड़ 16 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो सके। यह निर्णय प्रदेश में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और युवाओं की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
इन जिलों में बनेगा
जिन जिलों में इंडोर मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, उनमें कानपुर नगर, मथुरा, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, संभल, गोंडा, हरदोई, बदायूं, अयोध्या, प्रतापगढ़, भदोही, वाराणसी, अंबेडकर नगर, आगरा और पीलीभीत शामिल हैं। इनमें से बुलंदशहर के तीन, गोंडा के दो तथा अंबेडकर नगर के दो राजकीय इंटर कॉलेजों में स्टेडियम बनाए जाएंगे।
खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा
सरकार का मानना है कि इन मिनी स्टेडियमों के निर्माण से न केवल विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध होंगे। इंडोर स्टेडियमों में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में इस तरह की खेल संरचनाओं से खेल प्रतिभाओं को समान अवसर मिलेंगे। योगी सरकार का यह कदम ‘खेलो उत्तर प्रदेश’ की भावना को सशक्त करने के साथ-साथ युवाओं को नशा और असामाजिक गतिविधियों से दूर रखने में भी सहायक साबित होगा।




साइन इन