योगी ने गोरखपुर को दी बड़ी सौगात, इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की रखी आधारशिला, जानें कब तक होगा तैयार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर इंटरनेशनल स्टेडियम के निर्माण के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने शनिवार को गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (प्रथम चरण) का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर इंटरनेशनल स्टेडियम के निर्माण के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। आज का दिन हम सबके लिए और आने वाली पीढ़ियों के लिए महत्वपूर्ण है। यहां विकास होगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तालनदोर में 46 एकड़ में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाया जा रहा है, जबकि 60 एकड़ जमीन रिजर्व है। वहां स्पोर्ट्स कॉमप्लेक्स बनेगा, जिसमें इंडोर गेम होगा, हॉकी सहित अन्य खेलों की सुविधाएं होंगी। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। सभी 18 कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज बनाए जाएंगे, जबकि मेरठ में इसी सत्र में मेजर ध्यान चंद स्पोर्ट्स यूनवर्सिटी का उद्घघाटन भी होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने खेल नीति बनाकर 534 खिलाड़ियों को सीधी भर्ती से अच्छे पदों पर नियुक्ति दी है।
समारोह में भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने उत्तर प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास की सराहना की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश संभावनाओं की बात नहीं करता है, बल्कि परिणाम दिखाता है। इस मौके पर केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, सांसद रविकिशन एवं विजय दुबे, प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव एवं विधायक विपिन सिंह मौजूद थे।
393 करोड़ की लागत से बनेगा स्टेडियम
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि लगभग 393 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। यह स्टेडियम सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्टों में से एक है। इससे पहले मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद प्रशासन द्वारा ताल नदोर क्षेत्र में उपलब्ध कराई गई भूमि पर 24 दिसंबर 2025 से निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया था। सरकार द्वारा जारी परियोजना लागत की पहली किश्त 63.39 करोड़ रुपये से निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक (भवन) के अनुसार अब तक परियोजना का लगभग सात प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। स्टेडियम का निर्माण कार्य 23 दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
30 हजार दर्शकों के बैठने की होगी क्षमता
46 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाले इस स्टेडियम की दर्शक क्षमता लगभग 30 हजार होगी। स्टेडियम 'ग्राउंड प्लस टू फ्लोर' डिजाइन पर विकसित किया जाएगा। मुख्य मैदान में खिलाड़ियों के लिए सात प्लेइंग पिच और चार प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी। स्टेडियम के पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में प्रत्येक में 14,490 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। नॉर्थ पैवेलियन में 208 वीआईपी और 382 मीडियाकर्मियों के बैठने की सुविधा रहेगी, जबकि साउथ पैवेलियन में 1708 वीवीआईपी और वीआईपी के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा रात्रिकालीन मैचों के आयोजन के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चार हाई मास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी।




साइन इन