Woman fights leopard to save her son 3 people injured in attack in bahraich बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई महिला; हमले में 3 लोग घायल, गांव में पसरी दहशत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई महिला; हमले में 3 लोग घायल, गांव में पसरी दहशत

बहराइच के सुजौली क्षेत्र में गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने महिला, उसके 5 वर्षीय बेटे और एक युवक पर हमला कर घायल कर दिया। महिला ने बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से संघर्ष किया। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Thu, 21 May 2026 01:43 PMsandeep हिन्दुस्तान, संवाददाता, बहराइच
share
बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई महिला; हमले में 3 लोग घायल, गांव में पसरी दहशत

बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के तेलियनपुरवा गांव में गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने एक महिला, उसके पांच वर्षीय बेटे और एक युवक पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। तीनों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक बरखड़िया के मजरे तेलियनपुरवा गांव निवासी मीना अपने पांच वर्षीय बेटे मोहित के साथ सुबह खेत की ओर जा रही थी। तभी गन्ने के खेत से अचानक निकले तेंदुए ने मोहित पर हमला कर दिया। बेटे को बचाने के लिए मीना तेंदुए से भिड़ गई और करीब 10 मिनट तक संघर्ष करती रही। इस दौरान तेंदुए ने मीना को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।

हमले के दौरान पास में मौजूद उमेश नामक युवक भी तेंदुए की चपेट में आ गया। तेंदुए ने उसके सिर और गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। मीना के हाथ, पैर और सिर पर भी गहरे घाव आए हैं। घायल बच्चे मोहित को भी चोटें आई हैं।घटना के बाद मीना और उमेश की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तेंदुए को खदेड़ने लगे। काफी देर तक हांका लगाने के बाद तेंदुआ वापस गन्ने के खेत में भाग गया।

ग्रामीणों ने घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली पहुंचाया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. रामपाल सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए मोतीपुर सीएचसी रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कतर्नियाघाट रेंज की वन विभाग टीम मौके पर पहुंची और इलाके का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय वन अधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है और क्षेत्र में लगातार गश्त व निगरानी बढ़ा दी गई है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।