Wife caught in illicit relations murdered her husband who had returned from London and chopped the body into pieces लंदन से लौटे पति की हत्या कर पत्नी ने शव के टुकड़े काटे, फिर प्रेमी संग शिमला घूमने निकल गई, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

लंदन से लौटे पति की हत्या कर पत्नी ने शव के टुकड़े काटे, फिर प्रेमी संग शिमला घूमने निकल गई

मेरठ में 15 दिन पहले महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और लाश के टुकड़े कर प्लास्टिक के ड्रम में डाल दिए। ऊपर से पूरे ड्रम में सीमेंट-डस्ट का घोल बनाकर भर दिया। इसके बाद पत्नी और उसका प्रेमी शिमला घूमने चले गए।

Tue, 18 March 2025 11:48 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
लंदन से लौटे पति की हत्या कर पत्नी ने शव के टुकड़े काटे, फिर प्रेमी संग शिमला घूमने निकल गई

यूपी के मेरठ से बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां लव मैरिज करने वाली पत्नी ने अपने अवैध संबंधों को छिपाने और प्रेमी के साथ मौज करने के लिए पति की बेहद नृशंस तरीके से हत्या कर दी है। लंदन से लौटे पति को पहले नशीली दवा खाने में मिलाकर दी। इसके बाद हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए। उन टुकड़ों को प्लास्टिक के ड्रम में भरकर सीमेंट का घोल डाल दिया। यही नहीं, इतनी जघन्य हत्या के बाद प्रेमी के साथ मौज करने शिमला चली गई। सभी को पता था कि पति के साथ शिमला गई है। इसका भी पूरा प्लान बनाया था। शिमला से पति के ही फोन से अपडेट डालती रही। घर लौटने पर अपनी मां को हत्या की जानकारी दी। खौफनाक वारदात की जानकारी मिलते ही पूरे घर में हड़कंप मच गया। परिवार ने ही पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। ड्रम को लाश समेत बरामद कर लिया है। सीमेंट जम जाने के कारण लाश के टुकड़े उसमें से निकल नहीं सके हैं।

इंदिरानगर निवासी 29 वर्षीय सौरभ रस्तोगी मर्चेंट नेवी में अफसर था। 2016 में सौरभ ने मुस्कान रस्तोगी से लव मैरिज की थी। दोनों को छह साल की बेटी है, जो कक्षा दो में पढ़ती है। सौरभ पत्नी और बेटी के साथ इंदिरानगर स्थित मकान में तीन साल से किराये पर रह रहा था। उसके पिता मुन्नालाल, भाई बबलू और मां रेनू ब्रह्मपुरी में ही अलग मकान में रहते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:किशोरी को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर तीन दोस्तों ने किया रेप, बेहोश होने पर भागे

सौरभ काम के सिलसिले में विदेश जाता रहता था। 2019 से मुस्कान का मोहल्ले में शास्त्री की कोठी निवासी साहिल शुक्ला से प्रेम प्रसंग हो गया। 25 फरवरी को मुस्कान का जन्मदिन था और 24 फरवरी को सौरभ लंदन से वापस आया था। सौरभ को मुस्कान के अफेयर के बारे में जानकारी थी, जिसे लेकर विवाद भी हुआ था। इसी के बाद अवैध संबंध में बाधक बन रहे पति को ठिकाने लगाने का पत्नी और प्रेमी ने फैसला कर लिया।

चार मार्च की रात मुस्कान ने सौरभ को खाने में बेहोशी की दवा दे दी। इसके बाद प्रेमी साहिल को बुला लिया। दोनों ने सौरभ के सीने में चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद लाश के 10-12 टुकड़े कर इन्हें प्लास्टिक के ड्रम में भर दिया। ड्रम में सीमेंट और डस्ट का घोल भर दिया और ऊपर से ढक्कन लगा दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पड़ोसी की पत्नी के लिए हत्यारा बना युवक, शराब पिलाने के बाद ईंट से कूंचकर मर्डर

इसके बाद मुस्कान ने बेटी को मायके छोड़ दिया और प्रेमी के साथ शिमला घूमने चली गई। वापस आने पर मंगलवार को मुस्कान की अपनी मां से बातचीत हो रही थी। बातचीत के दौरान ही मुस्कान ने पति की हत्या की बात मां से कह दी। यह सुनते ही परिवार में खलबली मच गई। परिजनों ने ही इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस दौड़ी और घर से ड्रम बरामद किया। सीमेंट और डस्ट का घोल सूख चुका था, इसलिए लाश निकाली नहीं जा सकी। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा भी मौके पर पहुंचे। ड्रम को मोर्चरी लाया गया है। हत्यारोपी मुस्कान और साहिल शुक्ला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पति की हत्या कर प्रेमी संग घूमने शिमला गई पत्नी

प्रेम कहानी का ऐसा खौफनाक अंत सुनकर कांप गई रूह

पति सौरभ को खबर तक नहीं थी कि जिस मुस्कान को वो दिलोजान से प्यार करता है, वो उसके कत्ल की प्लानिंग कर बैठी है। मुस्कान प्रेमी साहिल के साथ रह रही थी, जिसकी भनक सौरभ को लग गई थी और उसने विरोध भी किया था। करीब दो साल पहले इसी बात को लेकर विवाद हुआ था और बात तलाक तक पहुंच गई, लेकिन बाद में दोनों परिवारों ने समझौता करा दिया। अब सौरभ को लगा कि सब ठीक हो गया है, लेकिन मुस्कान और साहिल ने सौरभ को रास्ते से हटाने के लिए खौफनाक साजिश रची थी। पहले से घर में एक ड्रम और सीमेंट लाकर रखा था। इस बार सौरभ लंदन से वापस घर आया तो मुस्कान और साहिल ने मिलकर सौरभ का कत्ल कर दिया और लाश के टुकड़े कर ड्रम में भरकर सीमेंट का घोल डाल दिया।

सौरभ रस्तोगी का परिचय सोशल मीडिया पर 10 साल पहले मास्टर कॉलोनी निवासी मुस्कान से हुआ था। दोनों में प्यार हुआ और 2016 में दोनों ने लव मैरिज कर ली। कुछ समय तो दोनों परिवार के साथ रहे, लेकिन फिर आए दिन विवाद होने लगे। सौरभ ने ब्रह्मपुरी में एक मकान किराये पर ले लिया, जहां पत्नी और बेटी पीहू रहने लगे थे। सौरभ काम के सिलसिले में ज्यादातर विदेश में रहता था और यहां मुस्कान ने शास्त्री की कोठी अपार मेडिकल स्टोर वाली गली निवासी साहिल शुक्ला से प्रेम प्रसंग बढ़ा लिया।

करीब दो साल पहले सौरभ को इसकी भनक लगी और उसने विरोध कर दिया। बात तलाक तक पहुंच गई और सौरभ ने मुस्कान को छोड़ने का फैसला कर लिया। दोनों पक्ष की बैठक हुई और समझौता करा दिया। मुस्कान ने इसके बाद भी प्रेमी साहिल को नहीं छोड़ा। अब फिर सौरभ को पत्नी के साहिल से संबंधों की जानकारी मिली। ऐसे में दोबारा विवाद शुरू हो गया। दूसरी ओर, मुस्कान ने साहिल के साथ मिलकर सौरभ को रास्ते से हटाने की प्लानिंग कर ली। दोनों ने सौरभ के वापस आने के साथ इसे लेकर तैयारी शुरू कर दी और घर पर ड्रम लाकर रख दिया। सीमेंट भी लाकर रखा गया। दोनों ने योजना बनाई थी कि इस ड्रम को किसी तरह से उठाकर नहर या जंगल में फेंक देंगे।

चार मार्च को किया सौरभ का कत्ल

सौरभ की हत्या चार मार्च की रात की गई। साहिल ने एक दवा मुस्कान को दी थी, जिसे खाने में सौरभ को दिया गया। सौरभ दवा के चलते बेहोश हो गया। रात में मुस्कान ने कॉल कर साहिल को घर बुलाया और चाकू से सौरभ के सीने पर कई वार किए। सौरभ को बचने तक का मौका नहीं मिला। लाश ड्रम में नहीं आ सकती थी, इसलिए लाश को बाथरूम में ले जाकर उसके टुकड़े किए। शरीर के टुकड़ों को ड्रम में डालकर सीमेंट डस्ट का घोल बनाकर डाल दिया।

पुलिस ने मकान किया सील

सौरभ की हत्या का पता लगा तो परिजन और मोहल्ले के लोगों का शाम 5.30 बजे जमावड़ा मकान के बाहर लग गया। पुलिस ने मकान सील कर लिया और अंदर किसी को एंट्री नहीं दी। सौरभ के परिवार के लोगों को भी अंदर मकान में नहीं जाने दिया गया। फोरेंसिक टीम और कुछ इंजीनियर को बुलाया गया। ड्रम बरामद करने के बाद इसमें से लाश निकालने का प्रयास किया लेकिन सीमेंट ने लाश के टुकड़ों को पूरी तरह से जकड़ लिया।

ऐसे में ड्रम को तोड़ने और जमे सीमेंट के मिश्रण को हटाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। करीब दो घंटे मशक्कत के बाद भी जब लाश के टुकड़े नहीं निकाले जा सके तो पुलिस ड्रम लेकर मोर्चरी के लिए रवाना हो गया। बड़ा सवाल यह है पोस्टमार्टम के लिए शव को ड्रम से कैसे निकाला जाएगा। खौफनाक हत्याकांड और शव को ठिकाने लगाने के बारे में जिसे भी पता चला, वो हैरान हो गया।

एसएसपी डॉक्टर विपिन ताडा का कहना है कि मुस्कान नामक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की। इसके बाद लाश को प्लास्टिक ड्रम में डालकर ऊपर से सीमेंट का घोल डाल दिया। फिलहाल ड्रम बरामद कर लिया है और लाश को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। दोनों हत्यारोपी मुस्कान और उसका प्रेमी साहिल गिरफ्तार किए गए हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।