Why delay starting work on approved roads CM Yogi expresses displeasure at PWD review meeting कारण कुछ भी हो, भवनों की रजिस्ट्री और ध्वस्तीकरण नहीं रुकना चाहिए, सीएम योगी के सख्त निर्देश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

कारण कुछ भी हो, भवनों की रजिस्ट्री और ध्वस्तीकरण नहीं रुकना चाहिए, सीएम योगी के सख्त निर्देश

सीएम योगी दो दिनी दौरे पर शुक्रवार शाम बनारस पहुंचे। सर्किट हाउस के सभागार में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों एवं विभागीय अभियंताओं के साथ विभाग के कार्यों की समीक्षा की। मीटिंग में सीएम योगी ने अधूरे कामों पर नाराजगी जताई।

Fri, 12 June 2026 11:01 PMDinesh Rathour वाराणसी, विशेष संवाददाता
share
कारण कुछ भी हो, भवनों की रजिस्ट्री और ध्वस्तीकरण नहीं रुकना चाहिए, सीएम योगी के सख्त निर्देश

CM Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी मंडल में स्वीकृत सड़क परियोजनाओं पर काम शुरू करने में देरी पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने शुक्रवार को सर्किट हाउस में पीडब्ल्यूडी के रोड प्रोजेक्ट की समीक्षा के दौरान सख्त लहजे में पूछा कि जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को मैंने काफी समय पहले स्वीकृति दे दी थी, वे अब तक क्यों नहीं चालू हुए? उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि समय कम बचा है, इसलिए बारिश से पूर्व ज्यादा से ज्यादा परियोजनाओं को धरातल पर उतारें। सड़क, पुल और फ्लाईओवर निर्माण में लेटलतीफी अब और बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण की जानकारी ली। सख्त लहजे में कहा कि अब कारण कुछ भी हो, भवनों की रजिस्ट्री और ध्वस्तीकरण नहीं रुकना चाहिए। काम को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

सीएम योगी दो दिनी दौरे पर शुक्रवार शाम बनारस पहुंचे। सर्किट हाउस के सभागार में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों एवं विभागीय अभियंताओं के साथ विभाग के कार्यों की समीक्षा की। पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव अजय चौहान ने वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर जनपदों में विभाग के पुराने एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति बताई। मुख्यमंत्री ने बैठक में जनप्रतिनिधियों के भेजे प्रस्तावों पर कार्यों की स्थिति पूछी। जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली आदि जिलों में स्वीकृति के बावजूद परियोजनाओं के अब तक चालू नहीं होने के पीछे का कारण पूछा जिसका अधिकारी जवाब नहीं दे पाए। बनारस में भी समय सीमा बीतने के बाद भी एक दर्जन से अधिक परियोजनाओं के पूर्ण न होने पर असंतोष व्यक्त किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी के हर शहर और गांव को लेकर क्या है सीएम योगी का प्लान, जेवर को दे दी सौगात

सड़क चौड़ीकरण को लेकर सीएम के निर्देश

निर्माणाधीन आजगमढ़-पांडेयपुर फोरलेन, मोहनसराय-लहरतारा सिक्सलेन, वाराणसी-भदोही फोरलेन और लहरतारा से लंका होते हुए विजया सिनेमा तक चौड़ीकरण फोरलेन एवं सिक्सलेन सड़क चौड़ीकरण के संबंध में निर्देश दिया कि अब बिना देर किए कार्य पूरा करें। उन्होंने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण की जानकारी ली। सख्त लहजे में कहा कि अब कारण कुछ भी हो, भवनों की रजिस्ट्री और ध्वस्तीकरण नहीं रूकना चाहिए। काम को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात से पहले पूर्ण होने वाली परियोजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बदलते भारत को दुनिया देख रही; मोदी सरकार के 12 साल होने पर बोले CM योगी

कार्ययोजना में वेटिंग नहीं चाहिए

मुख्यमंत्री ने विभाग को निर्देश दिया कि चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तत्काल उपलब्ध कराएं। कार्ययोजना तैयार करते समय धनराशि स्वीकृति एवं टेंडर प्रक्रिया भी साथ में हो। अब कोई वेटिंग नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कमिश्नर एवं डीएम को अपने-अपने स्तर पर बैठक कर कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। कहा कि जिन सड़कों की मरम्मत होनी हो, उनका पहले सर्वे अवश्य करा लिया जाए। सीएम ने कहा कि निगम अपनी सड़कों का मरम्मत बारिश से पहले शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें। संसाधनों और श्रम संख्या बढ़ाकर काम पूरा करें।

चंदौली में इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्पलेक्स 18 फीसदी बना

मुख्यमंत्री ने चंदौली में बन रहे इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स की भी प्रगति जानी। पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं ने बताया कि 18 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका हैं। उन्होंने कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखते हुए समय से पूरा करने के लिए कहा। वाराणसी में प्रस्तावित यूनिटी मॉल के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मोदी के रिकॉर्ड बनाने पर योगी की बधाई, मंदिर-मंदिर पूजा पाठ में जुटी पूरी भाजपा

मंडल में 7175 करोड़ की 2630 परियोजनाएं चालू

पीडब्ल्यूडी के प्रमुख सचिव ने बताया कि वाराणसी मंडल में 7175 करोड़ रुपये की 2630 परियोजनाएं चालू है। उनमें 687 काम पूरे हो गए हैं। 542 कार्य 90 प्रतिशत तक हो गए हैं। बनारस में 3223 करोड़ से 421 काम चल रहे हैं। इनमें 85 कार्य पूरे हैं जबकि 158 कार्य 90 प्रतिशत तक हो चुके हैं।

इनकी रही मौजूदगी

बैठक में स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु', खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीशचंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक टी. राम, विधायक सुनील पटेल, जौनपुर से विधायक रमेश मिश्रा, रमेश सिंह, आरके पटेल, जगदीश नारायण, राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, चंदौली से विधायक सुशील सिंह, रमेश जायसवाल एवं कैलाश आचार्य तथा गाजीपुर से विधायक बेदी राम के साथ ही मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, डीएम सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित पीडब्ल्यूडी के अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।