कफ सिरप कांड के आरोपी आलोक की कोठी के लिए करोड़ों कहां से आए? पत्नी से ED की पूछताछ
कफ सिरप तस्करी में पकड़े गए बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह के घर ईडी एक बार फिर पहुंची है। बिना लोन लिए लखनऊ में बनाई गई करोड़ों की कोठी को लेकर आलोक की पत्नी से ईडी ने पूछताछ की है। कोठी पत्नी के ही नाम पर है।

कफ सिरप की तस्करी के मामले में जांच कर रही ईडी ने मंगलवार को गुपचुप तरीके से बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह की पत्नी के घर जाकर उनके बयान दर्ज किए। कोठी में लेकर पूछताछ हुई है। आलोक की स्वास्तिक सिटी में बनी कोठी उसकी पत्नी के ही नाम है। करोड़ों रुपये की इस कोठी के निर्माण के लिए कोई लोन भी नहीं लिया गया है। बयान में पत्नी आलोक की सम्पत्ति को लेकर ज्यादा नहीं बता सकी। ईडी ने आलोक के अन्य परिवारीजनों से भी सम्पत्ति के बारे में पूछा। कोई भी इस बारे में ईडी को संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। ईडी आलोक की पत्नी व परिवारीजनों से जल्दी ही दोबारा पूछताछ करेगी।
कफ सिरप की तस्करी में बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह का नाम आने के बाद उसकी गिरफ्तारी एसटीएफ ने की थी। इस दौरान खुलासा भी हुआ कि मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल, आलोक सिंह और अमित टाटा ने सिरप की सप्लाई से करोड़ों रुपये की कमाई की। इस बीच लखनऊ की स्वास्तिक सिटी में बनी आलोक सिंह की विशालकाय कोठी भी चर्चा में आ गई। इसके बाद ही ईडी ने आरोपियों पर मनी लांड्रिंग का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सभी के यहां ईडी ने छापा मार कई दस्तावेज जब्त किए। ईडी अधिकारियों का कहना है कि आलोक की कोठी में इंटीरियर के नाम पर ही करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए गए। ईडी इस कोठी में लगी रकम के स्त्रोत के बारे में विस्तार से जांच कर रही है।
जेल में ईडी ने आलोक के बयान लिए पर वह ज्यादा कुछ नहीं बता सका। कोठी पत्नी के नाम थी, इसलिए ईडी ने आलोक की पत्नी से पूछताछ की। उससे कई सवालों के जवाब मांगे। इन सभी के जवाब से ईडी संतुष्ट नहीं हुई। विवेचक ने करीब तीन घंटे तक आलोक की पत्नी से दस्तावेजों को दिखा कर पूछताछ की। आलोक की पत्नी को ज्यादा कुछ पता ही नहीं था।
रकम कहां से लाई गई
ईडी लगातार यह जानने का ही प्रयास कर रही है कि आलोक और शुभम अचानक कहां से इतनी रकम पा गए कि करोड़ों की कोठी बना डाली। ईडी को अभी तक कोई ऐसा स्त्रोत नहीं मिला जिससे यह साबित हो सके कि कोठी में इतनी रकम आलोक ने किसी वैध स्त्रोत से पाई। दावा किया जा रहा है कि जल्दी ही आलोक की पत्नी व अन्य परिवारीजनों से फिर पूछताछ की जाएगी।




साइन इन