Went to England to study from UP reached America through donkey route now Trump sent him back to India यूपी से पढ़ने गया था इंग्लैंड फिर डंकी रूट से पहुंचा अमेरिका, अब ट्रंप सरकार ने भारत वापस भेजा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी से पढ़ने गया था इंग्लैंड फिर डंकी रूट से पहुंचा अमेरिका, अब ट्रंप सरकार ने भारत वापस भेजा

अमेरिका से अवैध प्रवासी भारतीय के रूप में यूपी के पीलीभीत के युवक की भी वापसी हुई है। पूरी जमा पूंजी लगाकर विदेश गए युवक को अवैध प्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे ट्रंप सरकार के निर्णय के बाद भारत वापस भेजा गया है। युवक यहां से इंग्लैंड पढ़ने गया और अमेरिका में दाखिल हुआ था।

Wed, 5 Feb 2025 10:54 PMYogesh Yadav हिन्दुस्तान, पीलीभीत, संवाददाता
share
यूपी से पढ़ने गया था इंग्लैंड फिर डंकी रूट से पहुंचा अमेरिका, अब ट्रंप सरकार ने भारत वापस भेजा

अमेरिका से अवैध प्रवासी भारतीय के रूप में यूपी के पीलीभीत के युवक की भी वापसी हुई है। पूरी जमा पूंजी लगाकर विदेश गए युवक को अवैध प्रवासियों के खिलाफ चलाए जा रहे ट्रंप सरकार के निर्णय के बाद भारत वापस भेजा गया है। युवक यहां से इंग्लैंड पढ़ाई करने गया था। वहां से डंकी रूट यानी अवैध रास्ते से अमेरिका में दाखिल हुआ था। अब मामले में पुलिस ने पूरनपुर क्षेत्र के रहने वाले युवक के गांव पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई। सभी सूचनाओं को विदेश मंत्रालय भेजा जाएगा।

23 वर्षीय गुरप्रीत सिंह के पिता गुरमीत सिंह पूरनपुर क्षेत्र के दुधिया खुर्द के बंजरिया गांव में डेयरी का काम करते हैं। उनके दो बेटों में गुरप्रीत सिंह इंटर करने के बाद जमा पूंजी लगाकर सितंबर 2022 में इंग्लैंड पढ़ने गया था। पूरनपुर से ही उसका वीजा बना था। इंग्लैंड में रहकर पढ़ाई के बाद काम के सिलसिले में वह डंकी रूट के जरिए अमेरिका पहुंच गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:क्या है डंकी रूट, जिससे जाकर अमेरिका में फंस गए भारतीय; कहां से आया शब्द

पिछले महीने अमेरिका में सरकार बदली और ट्रंप ने आते ही अवैध प्रवासियों को खदेड़ना शुरू कर दिया। अवैध प्रवासियों के खिलाफ कई नियम बनाए गए। गुरप्रीत को अवैध प्रवासी भारतीय होने के नाते पहले गिरफ्तार किया गया फिर अब भारत लौटा दिया गया। बुधवार को अमेरिका से अवैध प्रवासियों को लेकर विमान अमृतसर पहुंचने पर यहां पीलीभीत पुलिस को जानकारी दी गई।

पंजाब का युवक बना था अमेरिका पहुंचने का जरिया

पिछले माह 14 जनवरी को आखिरी बार गुरप्रीत की अपनी मां जसविंदर कौर से बात हुई थी। इसके बाद अब वह भारत आ गया है। उसे यहां पीलीभीत लाया जाएगा। परिजनों ने बताया कि जमा पूंजी लगाकर गुरप्रीत को आगे पढ़ने के लिए भेजा था। एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि गुरप्रीत के अमेरिका से आने की सूचना मिली है। पूरनपुर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना ईकाई को जांच में लगाया गया है। परिजनों से बात कर गुरप्रीत को पीलीभीत लाएंगे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।