weather alert rain in up weather suddenly changed hail fell in baghpat heavy rain in bijnor this prediction made UP Weather: यूपी में अचानक पलटा मौसम, बागपत में गिरे ओले; बिजनौर में तेज बारिश; हुई ये भविष्यवाणी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: यूपी में अचानक पलटा मौसम, बागपत में गिरे ओले; बिजनौर में तेज बारिश; हुई ये भविष्यवाणी

बागपत में खुले में काम कर रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगानी पड़ी। ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान भी हुआ है। इस दौरान खेकड़ा में ओले गिरने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग काफी संख्या में साझा कर रहे हैं।

Tue, 27 Jan 2026 03:55 PMAjay Singh
share
UP Weather: यूपी में अचानक पलटा मौसम, बागपत में गिरे ओले; बिजनौर में तेज बारिश; हुई ये भविष्यवाणी

UP Weather: यूपी में मंगलवार को अचानक से एक बार फिर मौसम पलट गया है। बागपत में ओले गिरे हैं जबकि हाथरस, मथुरा, गाजियाबाद, मेरठ और आगरा आदि जिलों में बारिश हुई है। मथुरा में धूल भरी आंधी चलने की भी खबर है। कई शहरों में तेज रफ्तार से हवा चल रही है। तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई स्थानों पर ओले गिरने से ठंड बढ़ गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार 28 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं पर बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की और 29 जनवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 28 और 29 जनवरी को संभाग में कहीं-कहीं घना कोहरा होने की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 जनवरी को कुछ स्थानों पर बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और 29 जनवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 28 जनवरी को संभाग में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात, झोंकेदार हवा (गति 30-40 किमी/घंटा) की संभावना है। 29 जनवरी को संभाग में कहीं-कहीं घना कोहरा होने की संभावना है।

बागपत के खेकड़ा क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 10 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। बारिश शुरू होते ही बाजारों में सन्नाटा पसर गया। खुले में काम कर रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगानी पड़ी। ओलावृष्टि के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है। इस दौरान खेकड़ा में ओले गिरने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग काफी संख्या में साझा कर रहे हैं। अचानक बदले मौसम से आम जनजीवन प्रभावित रहा, वहीं ठंड बढ़ने से लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुड न्यूज: यूपी के इस शहर में एक फ्लाईओवर और एक ओवरब्रिज तैयार; योगी देंगे सौगात

उधर, मंगलवार को बिजनौर में भी मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन दोपहर होते-होते मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान में बादल छा गए और ठंडी हवाओं के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। अचानक हुई बारिश और ठंडी हवा के कारण ठंड में इजाफा हो गया। मौसम के बदले तेवर से लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। वहीं, सड़कों और बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में चहल-पहल कुछ कम नजर आई।

मौसम में आए इस बदलाव से बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत महसूस की जा रही है। वहीं किसान भी आगे के मौसम को लेकर निगाहें लगाए हुए हैं। जिले के हल्दौर क्षेत्र में मंगलवार को हुई बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से नगर के मोहल्ला खेड़ा में कई घरों में भारी नुकसान हुआ। बिजली गिरने के कारण कई मकानों में लगे इनवर्टर, टीवी, फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरण जलकर खराब हो गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:12 बजे सोकर उठने वाले बबुआ को कहां फुर्सत थी.…CM योगी का अखिलेश पर बड़ा हमला

अचानक तेज आवाज और बिजली के झटके से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक मकान की छत पर रखा पानी का वॉटर टैंक भी तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे छत को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। गनीमत यह रही कि घटना के समय संबंधित स्थानों पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। लगातार हो रही बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में डर बना हुआ है। प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।