हमने तो पहले ही कहा था साइकिल से बेहतर कुछ नहीं, पीएम मोदी के बयान पर अखिलेश का तंज
अखिलेश ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं, नेताओं और परिचितों से मुलाकात में कहा कि 2027 में विधानसभा चुनाव लोकतंत्र की अग्निपरीक्षा है। समय कम है। लोकतंत्र बचाने में यूपी की बड़ी जिम्मेदारी है।

Akhilesh yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आज देश संकट में है। भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया है। जो हालात हैं, उसमें महंगाई में लगातार वृद्धि होगी। भाजपा सरकार की नीतियां फेल हैं। डा. राममनोहर लोहिया की दाम बांधो नीति से ही महंगाई पर लगाम लगेगी। अनाप-सनाप लूट पर रोक लगेगी। आमदनी और खर्च के अनुपात में संतुलन होना चाहिए। अखिलेश ने पीएम मोदी के पेट्रोल कम खर्च करने वाले बयान पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि हमने तो पहले ही कहा है कि साइकिल से बेहतर कुछ नहीं।
अखिलेश ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं, नेताओं और परिचितों से मुलाकात में कहा कि 2027 में विधानसभा चुनाव लोकतंत्र की अग्निपरीक्षा है। समय कम है। लोकतंत्र बचाने में यूपी की बड़ी जिम्मेदारी है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करेगी, लेकिन इस बार जनता की ताकत के सामने भाजपा टिक नहीं पाएगी। भाजपा सरकार ने नौ सालों में प्रदेश में विकास का कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया है। इस सरकार में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा हो गई। हर विभाग और हर काम में भ्रष्टाचार है। यह सरकार बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
भाजपा राजनीतिक दल नहीं गैंग है
उन्होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक दल नहीं गैंग है। भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है। जनता को भ्रमित करती है। महिला आरक्षण कानून तत्काल 2027 में लागू होना चाहिए। भाजपा के खिलाफ पीडीए एकजुट है। पीडीए भाजपा का विकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनके व्यवहार से किसी को कष्ट न हो। कार्यकर्ताओं और नेताओं की भाषा और व्यवहार किसी के खिलाफ न हो। राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, श्याम लाल पाल, विधायक विशंभर यादव, तूफानी सरोज, डा. एसटी हसन, जावेद आब्दी आदि मौजूद रहें।
सपाई आंधी-तूफान से मरने वालों की मदद करें: अखिलेश
वहीं दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आंधी-तूफान से भदोही, फतेहपुर, सोनभद्र, बदायूं व कई अन्य स्थानों पर 54 लोगों की मृत्यु को दुखद बताते हुए गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि आपदा के इस समय में सभी प्रभावित लोगों की यथासंभव सहायता करें। उन्होंने कहा कि घर, पेड़, दीवार गिरने से बड़ी संख्या में लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। सरकार से मांग की कि राहत-बचाव का काम युद्ध स्तर पर करें, घायलों के अच्छे-से-अच्छे मुफ्त इलाज की तुरंत व्यवस्था हो, खाना-पानी शीघ्रातिशीघ्र उपलब्ध कराया जाए। मृतकों का ससम्मान अंतिम संस्कार हो, इसके अतिरिक्त शीघ्र जनता के जानमाल, फसल व वाहन आदि के नुकसान का आंकलन करके बीमा राशि सुनिश्चित की जाए व मुआवजे की घोषणा की जाए।




साइन इन