Voter names are being fraudulently deleted, MP Chandrashekhar after Akhilesh Yadav is furious demands FIR on officer फर्जी तरीके से काटे जा रहे वोटर के नाम, अखिलेश के बाद भड़के सांसद चंद्रशेखर; EC से यह डिमांड, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

फर्जी तरीके से काटे जा रहे वोटर के नाम, अखिलेश के बाद भड़के सांसद चंद्रशेखर; EC से यह डिमांड

यूपी की नगीना सीट से सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे पर मोर्चा खोल दिया है। चंद्रशेखर ने भी चुनाव आयोग को कड़ा पत्र लिखकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।

Thu, 5 Feb 2026 01:30 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
फर्जी तरीके से काटे जा रहे वोटर के नाम, अखिलेश के बाद भड़के सांसद चंद्रशेखर; EC से यह डिमांड

नई दिल्ली/लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से नामों को हटाए जाने का विवाद अब और गहराता जा रहा है। अखिलेश यादव के आरोपों के बाद, नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर इस प्रक्रिया में धांधली का गंभीर आरोप लगाया है। चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी नागरिक का नाम गलत मंशा से काटा गया है, तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सीधे एफआईआर (FIR) दर्ज होनी चाहिए।

संवैधानिक अधिकारों के साथ खिलवाड़: चंद्रशेखर

मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से मिल रही शिकायतों से यह चिंताजनक तथ्य सामने आ रहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम 'फर्जी तरीके' से काटे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मताधिकार केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि नागरिक का सीधा संवैधानिक अधिकार है। यदि नाम काटने की प्रक्रिया पारदर्शी और सार्वजनिक निगरानी योग्य नहीं होगी तो इससे चुनावी निष्पक्षता पर जनता का विश्वास खत्म हो जाएगा।

सांसद ने मांग की कि सूची सार्वजनिक की जाए और कारण भी बताया जाए। प्रत्येक मतदान केंद्र (Booth) स्तर पर जिन मतदाताओं के नाम काटे गए हैं, उनकी सूची 'नाम विलोपित किए जाने के स्पष्ट कारण' के साथ सार्वजनिक रूप से प्रकाशित की जाए। नाम कटने की जानकारी संबंधित नागरिकों को समय रहते मिले ताकि वे अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी कदम उठा सकें।

दोषी अधिकारियों पर हो विभागीय और दंडात्मक कार्रवाई

सांसद चंद्रशेखर ने पत्र में सबसे कड़ी मांग दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को लेकर की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदान केंद्र पर मतदाता का नाम गलत या दुर्भावनापूर्ण तरीके से काटा गया पाया जाता है, तो उस क्षेत्र के उप-जिलाधिकारी (SDM) / निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के विरुद्ध अनिवार्य रूप से एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने जोर दिया कि ऐसी कड़ी कार्रवाई ही प्रशासनिक मनमानी पर अंकुश लगाएगी और अधिकारियों को मताधिकार जैसे पवित्र अधिकार के साथ खिलवाड़ करने से रोकेगी।

सियासी माहौल गरमाया

विपक्ष का आरोप है कि एक खास रणनीति के तहत कुछ समुदायों के वोटरों को निशाना बनाया जा रहा है। चंद्रशेखर आजाद का यह पत्र ऐसे समय में आया है जब प्रदेश में आगामी चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज है। अब सबकी नजरें इस पर हैं कि निर्वाचन आयोग इन गंभीर आरोपों और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग पर क्या स्टैंड लेता है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।