केशव, ब्रजेश का अयोध्या ना जाना चर्चा का विषय बना; राज्यपाल, दोनों डिप्टी सीएम का दौरा कैंसिल
अयोध्या दीपोत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक नहीं दिखाई दिए। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का दौरा भी निरस्त हो गया। इसको लेकर चर्चा का विषय बन गया।

अयोध्या में रविवार को आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक नहीं दिखाई दिए। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का दौरा भी निरस्त हो गया। इसको लेकर चर्चा का विषय बन गया। चर्चा है कि दोनों डिप्टी सीएम ने इस कार्यक्रम से इस बार दूरी बना ली है। वहीं इस बार राज्यपाल आनंदीबेन भी नजर नहीं आईं। राज्यपाल और दोनों उप मुख्यमंत्रियों का अयोध्या जाने का कार्यक्रम पहले जारी किया गया था, लेकिन अचानक निरस्त कर दिया गया, जिसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निजी सचिव द्वारा रविवार को अयोध्या के डीएम व एसएसपी को पत्र भेजकर कहा कि वहां जाने का कार्यक्रम अपरिहार्य कारणोंवश निरस्त कर दिया गया है। इसी तरह उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा भी अचानक अयोध्या जाने का कार्यक्रम निरस्त किया गया। इसके पहले दीपोत्सव के कार्यक्रमों में दोनों उप मुख्यमंत्री जाते रहे हैं। इसीलिए रविवार को उनके न जाने पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हुईं।
अखिलेश ने किया कटाक्ष
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इसके बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कटाक्ष करते हुए लिखा कि जनता पूछ रही है कि उप्र भाजपा सरकार में ‘उप मुख्यमंत्री’ के दोनों पद समाप्त कर दिए गए हैं क्या? वहीं अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अयोध्या के पीडीए सांसद को दीपोत्सव में न बुलाकर जो कृत्य किया है, उससे संपूर्ण पीडीए समाज बेहद आहत हुआ है।
रोशनी से प्रज्ज्वलित हुए अयोध्या के घाट, बना विश्व रिकॉर्ड
यूपी की आध्यात्मिक नगरी अयोध्या में रविवार को दो विश्व कीर्तिमान बनाए गए। भव्य दीपोत्सव समारोह के दौरान एक साथ 26,17,215 दीप प्रज्वलित किए गए और 2,128 लोगों ने एक साथ सरयू आरती की। राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' के प्रतिनिधियों ने ड्रोन से की गई दीयों की गणना की पुष्टि के बाद इस उपलब्धि की आधिकारिक घोषणा की। बयान के अनुसार, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और प्रमुख सचिव (पर्यटन एवं संस्कृति) अमृत अभिजात ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के सम्मान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गिनीज प्रमाण पत्र प्रदान किया।
पहला गिनीज पुरस्कार उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन और डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय द्वारा सबसे बड़ी संख्या में तेल के दीये जलाने के लिए दिया गया। बयान के अनुसार, दूसरा गिनीज पुरस्कार सर्वाधिक लोगों (2128) द्वारा एक साथ आरती करने के लिए दिया गया। यह पुरस्कार पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन, अयोध्या और सरयू आरती समिति, अयोध्या को प्राप्त हुआ।




साइन इन