Sanjay Nishad Advocates SC Reservation for Fishermen in Varanasi Rally मछुआ समाज को एससी का आरक्षण के लिए पीएम मोदी से होगी बात, संजय निषाद का ऐलान, Varanasi Hindi News - Hindustan
More

मछुआ समाज को एससी का आरक्षण के लिए पीएम मोदी से होगी बात, संजय निषाद का ऐलान

Varanasi News - वाराणसी में आयोजित राजनीतिक एकता रैली में निषाद पार्टी के अध्यक्ष और यूपी के मत्स्य मंत्री संजय निषाद ने मछुआ समाज के लिए 'एससी आरक्षण' का मुद्दा फिर से गर्म कर दिया है। ऐलान किया कि केवट, मल्लाह और बिंद जैसी जातियों को एससी का हक दिलाने के लिए वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करेंगे।

Sat, 2 May 2026 11:09 PMहिन्दुस्तान टीम वाराणसी, कार्यालय संवाददाता
share
मछुआ समाज को एससी का आरक्षण के लिए पीएम मोदी से होगी बात, संजय निषाद का ऐलान

निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में मत्स्य मंत्री संजय निषाद एक बार फिर दबाव की राजनीति शुरू की है। उन्होंने वाराणसी में कहा कि मछुआ समाज को एससी आरक्षण दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात की जाएगी। केवट, मल्लाह, बिंद आदि जातियां अनुसूचित जाति के आरक्षण की हकदार हैं। डॉ. संजय निषाद शुक्रवार दोपहर नदेसर स्थित कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज ग्राउंड पर आयोजित राजनैतिक एकता रैली में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

सत्ता की चाभी में ही पावर

उन्होंने कहा कि निषाद समाज अब जान गया है कि सत्ता की चाभी में पावर है। यानी, जिसका दल उसका बल और उसकी समस्या का हल। मत्स्य मंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा- सपा, बसपा और कांग्रेस ने हक छीना, हम उन्हें सत्ता में नहीं आने देंगे। उन्होंने मौजूद लोगों ने हुंकार भी भरवाई कि उन्हें दलाल चाहिए या फिर उनके सुख-दु:ख में भागीदारी करने वाला दल। रैली में जौनपुर, भदोही, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, सुलतानपुर, आजमगढ़, गाजीपुर आदि जनपदों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

डॉ. संजय निषाद ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 61 हजार 500 करोड़ की योजनाएं मत्स्य और मछुआ समाज के विकास के लिए शुरू कीं। नाविकों की समस्या के मद्देनजर बोले, नावों का रजिस्ट्रेशन आरटीओ की जगह नगर निगम से कराने को मुख्यमंत्री से बात करेंगे।

निषादराज आवास योजना

मंत्री ने कहा कि समाज के लोगों को आवासीय सुविधा मुहैया कराने के लिए कांशीराम आवास की तर्ज पर निषादराज आवास बनाने के लिए प्रदेश सरकार को पत्र लिखेंगे। बोले, मछुआ समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने अपील की कि अपना सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक विकास करने के लिए हमें लायक बनना है। अपनी आदतों में सुधार करना होगा, बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलानी होगी।

विशिष्टजनों की मौजूदगी

इस अवसर पर संत कबीर नगर के पूर्व सांसद प्रवीण निषाद, जयसिंहपुर (सुलतानपुर) विधायक राजबाबू उपाध्याय, ज्ञानपुर (भदोही) विधायक विपुल दुबे, जनक नंदिनी निषाद, रवीन्द्रमणि निषाद, मिठाईलाल केवट, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मालती निषाद, संतोष मिश्रा, शिवलोचन बिंद, अरविंद बिंद, रामरती बिंद, दिलीप बिंद, व्यासमुनि निषाद, चंद्रेश निषाद, राधेश्याम बिंद, बिजेंद्र त्रिपाठी, शिवकुमारी आदि मौजूद रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।