up weather will deteriorate again chances of rain and thunderstorm night cold returns in 19 districts UP Weather: यूपी में फिर बिगड़ेगा मौसम, बारिश-अंधड़ के आसार; 19 जिलों में लौटी रात की सर्दी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: यूपी में फिर बिगड़ेगा मौसम, बारिश-अंधड़ के आसार; 19 जिलों में लौटी रात की सर्दी

  • मौसम में बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ रहा। इसके असर से पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज बारिश हुई। साथ ही प्रदेश में कुछ स्थानों पर ओले गिरे। इसके बाद तेज हवा चलनी शुरू हो गई। बीते 24 घंटों में आगरा और बहराइच में न्यूनतम तापमान 15.2 और अयोध्या में 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Wed, 19 March 2025 04:32 PMAjay Singh संवाददाता, लखनऊ/ आगरा/ प्रयागराज/ मेरठ
share
UP Weather: यूपी में फिर बिगड़ेगा मौसम, बारिश-अंधड़ के आसार; 19 जिलों में लौटी रात की सर्दी

UP Weather Update: यूपी में मार्च के दूसरे पखवाड़े में रात की सर्दी लौट आई है। सोमवार-मंगलवार के 24 घंटों के दौरान राज्य के 19 जिलों में तापमान 17 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। वहीं, नौ जिलों में यह 16 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 13.5 तो बुलंदशहर में 14 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी लखनऊ में यह 16.0 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी 1.5 डिग्री नीचे 31.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं आगरा, प्रयागराज सहित प्रदेश के कई जिलों में मौसम फिर बिगड़ स‍कता है। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 22 मार्च तक गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने के आसार हैं।

मौसम में बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ रहा। इसके असर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई। साथ ही सूबे में कुछ स्थानों पर ओले गिरे। इसके बाद तेज हवा चलनी शुरू हो गई। बीते 24 घंटों में आगरा और बहराइच में न्यूनतम तापमान 15.2 और अयोध्या में 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिजली विभाग आज से घर-घर चलाएगा अभियान, एक्सईएन-एसडीओ-जेई को मिला ये आदेश

थोड़ी और गिरावट संभव

अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार सूबे के अधिसंख्य जिलों में अगले 48 घंटे 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। ऐसे में कुछ जिलों में रात के तापमान में थोड़ी और गिरावट आ सकती है।

कल फिर मौसम बिगड़ने के आसार

ताजनगरी आगरा में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी है। सुबह-शाम हल्की सर्द हवाओं और दोपहर में तेज धूप के बीच मौसम फिर बिगड़ सकता है। 20 मार्च को इसकी आशंका जताई गई है। अंधड़ के साथ बारिश और बिजली चमकने का अलर्ट है।

होली से पहले आसमान साफ होने के बाद दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। ऐन होली पर बारिश और तेज हवाएं चलने के बाद तापमान में कमी आई है। दो दिनों से सतही हवाओं ने तापमान को साध रखा है। अब मौसम फिर बदलाव की ओर है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 मार्च को ऐसा हो सकता है। बिजली चमकने के साथ तेज रफ्तार हवाएं, अंधड़ और बारिश का अनुमान है। ऐसा होने पर तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है। मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम होकर 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम होकर 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसी कारण सुबह और शाम को हल्की सर्दी बढ़ गई है। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 87 रहा है।

चलेंगी तेज हवाएं, गरज के साथ बारिश के आसार

प्रयागराज में भी मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 20 से 22 मार्च तक गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने के आसार हैं।

मंगलवार को प्रयागराज में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतन 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस और रविवार को 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यानी चार दिनों में अधिकतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। 15 मार्च को न्यूततम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस था जो मंगलवार को 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे तापमान में थोड़ी कमी आएगी। इसके बाद अगले दो दिनों तक हल्के बादल छाए रह सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी के कई जिलों में ओले के साथ बारिश, सीएम ने फसलों के नुकसान पर मांगी रिपोर्ट

तेज हवाओं ने उड़ाई धूल, अब चढ़ेगा पारा

सर्द हवाओं से मैदानों में गिरे तापमान का दौर खत्म होने जा रहा है। आज से मेरठ सहित वेस्ट यूपी के अधिकांश हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। अगले तीन-चार दिनों में तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। ऐसे में मैदानों में भीषण गर्मी की दस्तक होने जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को मेरठ में चार से छह किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चली। इससे दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई और यह 30.3 डिग्री सेल्सियस तक सिमट गया। सोमवार के सापेक्ष दिन में 1.2 एवं रात में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। इससे दिन-रात के तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस ऊपर रिकॉर्ड हुए। निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार आने वाले दिनों में मैदानों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी के आसार हैं। इससे हफ्ते के आखिर तक अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी दस्तक दे सकती है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।