UP Weather Report Today Temperature Decreased Fog alert for next seven days UP Weather: सुबह-शाम ठंड और दोपहर में गर्मी, अगले सात दिन छाएगा कोहरा फिर गिरेगा तापमान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: सुबह-शाम ठंड और दोपहर में गर्मी, अगले सात दिन छाएगा कोहरा फिर गिरेगा तापमान

यूपी में मौसम सुबह और शाम को ठंड का एहसास करा रहा है। दिन का पारा अभी भी 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। इससे लोगों को दोपहर में गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो सात दिन अब सुबह कोहरा व धुंध छाएगी। दिन व रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव होगा।

Thu, 6 Nov 2025 10:26 AMSrishti Kunj वरिष्ठ संवाददाता, लखनऊ
share
UP Weather: सुबह-शाम ठंड और दोपहर में गर्मी, अगले सात दिन छाएगा कोहरा फिर गिरेगा तापमान

यूपी में मौसम सुबह और शाम को ठंड का एहसास करा रहा है। दिन का पारा अभी भी 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। इससे लोगों को दोपहर में गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो सात दिन अब सुबह कोहरा व धुंध छाएगी। दिन व रात के तापमान में भी उतार-चढ़ाव होगा। अभी का मौसम बदला-बदला है। स्थिति ये है कि सुबह और शाम को लोगों को सर्दी का एहसास हो रहा है। दोपहर में गर्मी जैसी स्थिति है।

मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को दिन का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 19 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा है। हवा में आर्द्रता का स्तर भी सर्वाधिक 95 फीसदी रहा है। दिन का तापमान 30 डिग्री से अधिक होने पर दोपहर में गर्मी का एहसास हो रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बच्चों को पढ़ाएं या..., हर टीचर के मोबाइल में 40 से ज्यादा ऐप, सभी पर रिपोर्टिंग

पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, न्यूनतम पारा बढ़ा

पाकिस्तान से आए पहले पश्चिमी विक्षोभ ने यूपी का मौसम बदल दिया है। रात सर्द हो गई हैं। दिन में उत्तर-पूर्वी हवाएं चल जाने से अचानक फिर बदलाव आया और पारा चढ़ा लेकिन शाम तक फिर उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने लगीं। इस कारण सुबह कोहरा और धुंध रही पर जल्दी छंट गई। मौसम विभाग का कहना है कि सर्दी का अहसास बढ़ता जाएगा।

अभी भी पांच स्थानों पर परिसंचरण केंद्र बने हुए हैं। पूरे प्रदेश में सर्वाधिक प्रभाव पश्चिमी विक्षोभ का रहा है। प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बूंदाबांदी तक हुई। अब उत्तर पश्चिमी हवाओं ने तापमान में कमी ला दी है। पूर्वी यूपी में न्यूनतम पारा मंगलवार को 14 डिग्री रहा था लेकिन हल्के बादलों ने बुधवार को यह 17 डिग्री पर ला दिया। वैसे प्रदेश के कई जिलों में रात का पारा इससे कम रहा। सुबह की शुरुआत हल्के कोहरे व धुंध से हुई। जलाशयों के निकट अधिक कोहरा रहा लेकिन हवा की दिशा बदल जाने से यह जल्दी छट गया। पर धूप बेहद हल्की निकली।

इसका परिणाम यह हुआ कि दिन के तापमान में मामूली कमी आई। अधिकतम तापमान 32.3 से घटकर 31.8 डिग्री हो गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान करीब 02 से 03 डिग्री की कमी आ सकती है। दिन के तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। सीएसए के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादलों की आवाजाही बनी रहेगी लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान में ऐसा ही ट्रेंड बना रहेगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।