up weather monsoon will return to eastern up by the end of the month then cold will knock weather forecast UP Weather: पूर्वी यूपी में महीने के अंत तक लौटेगा मानसून, फिर ठंड देगी दस्तक; मौसम की भविष्यवाणी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: पूर्वी यूपी में महीने के अंत तक लौटेगा मानसून, फिर ठंड देगी दस्तक; मौसम की भविष्यवाणी

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक यूपी के पश्चिमी संभाग में कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी उततर प्रदेश में भी कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दोनों संभागों के लिए मौसम विभाग ने आज कोई चेतावनी नहीं जारी की है।

Sat, 6 Sep 2025 07:42 AMAjay Singh संवाददाता, लखनऊ/ गोरखपुर/ आगरा/ मेरठ
share
UP Weather: पूर्वी यूपी में महीने के अंत तक लौटेगा मानसून, फिर ठंड देगी दस्तक; मौसम की भविष्यवाणी

UP Weather Update: पूर्वी यूपी में मानसून अंतिम दौर में है। माना जा रहा है कि सितंबर के अंत तक मानसून वापस लौट जाएगा। इसके बाद ठंड दस्तक देगी। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक उत्तर प्रदेश के पश्चिमी संभाग में कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पूर्वी उततर प्रदेश में भी कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। दोनों संभागों के लिए मौसम विभाग ने आज कोई चेतावनी नहीं जारी की है।

लखनऊ में रुक-रुक कर तेज बारिश

वहीं लखनऊ में रुक-रुक कर हुई तेज बारिश ने बाहर निकलने वालों को बचने का मौका नहीं दिया। बारिश का यह सिलसिला बुधवार-गुरुवार की रात से शुरू हुआ जो कि शुक्रवार की शाम तक चला। बीती देर रात अचानक तेज हवा चलनी शुरू हुई। इसके बाद सीधे मूसलाधार बारिश होने लगी। ऐसे में जरूरी कार्य से बाहर निकलने वाले और वापस लौट रहे दो पहिया सवार बारिश से बच नहीं पाए। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार रात में अलीगंज स्थित सेंटर पर 17.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। शुक्रवार को सुबह धूप खिली फिर बादलों की आवाजाही शुरू हो गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुड न्यूज: सोलर पैनल पर अब रजिस्ट्रेशन और आवेदन शुल्क खत्म, होगी इतने की बचत

दोपहर में अचानक फिर बादल घने हो गए और मूसलाधार वर्षा शुरू हो गई। शाम चार बजे तक कई इलाकों में दो से तीन बार तेज बारिश हुई। सुबह 8:30 से लेकर शाम 5:30 बजे के बीच लखनऊ एयरपोर्ट पर 1.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक जिले का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 अधिक था।

20 दिनों से देरी से आ रहे मैसेज

लखनऊ के कई लोगों के मोबाइल पर गुरुवार के सुबह 11:18 बजे एसएमएस आया। यह संदेश लखनऊ में अगले तीन घंटे के भीतर भारी वर्षा का रेड अलर्ट था। इसे एनडीएमएईडब्ल्यू से जारी किया गया था। एनडीएमए देश की आपदा प्रबंधन संस्था है। मौसम विभाग से जब इस रेड अलर्ट के बारे में पूछा गया तो पता चला कि इसे दो दिन पहले जारी किया गया था। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण संभव है कि अलर्ट देर से मिल पाया। मोबाइल पर अलर्ट का एसएमएस बड़ी संख्या में लोगों के पास आया था।

मोबाइल उपभोक्ताओं के अनुसार बीते 20 दिनों में कई बार तेज बारिश हुई लेकिन अलर्ट एक या दो दिन बाद मिला। यह तब पता चला जब अलर्ट के बाद बारिश नहीं हुई। यदि अलर्ट व्यवस्था सटीक हो तो बहुत से लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में 9000 शिक्षकों का समायोजन होगा रद्द, इन टीचर्स के प्रमोशन का रास्ता साफ

आगरा में अभी दो दिन और होने के आसार

वहीं, ताजनगरी आगरा में बारिश का सिलसिला थम नहीं रहा। अगस्त की अपेक्षा सितंबर में ज्यादा बारिश हो रही है। चार सितंबर तक कुल 102 एमएम बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। आने वाले दिनों में भी बारिश की उम्मीद है। सितंबर के पहले दिन 34 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद दो को 3 एमएम, तीन को 45 एमएम और चार सितंबर को 20 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। पांच सितंबर (शुक्रवार) को भी भारी बारिश हुई है।

लेकिन इसके आंकड़े प्राप्त नहीं हो पाए हैं। इधर शुक्रवार को करीब 12:30 बजे रिमझिम से शुरूआत हुई। करीब एक बजे पूरे शहर में झमाझम बारिश होने लगी। बेहद तेज व घनी बारिश में देखते-देखते जलभराव हो गया। शहर की सभी सड़कें, गलियां पानी से सराबोर हो गईं। बाजारों में भी पानी घुस गया। शाम चार बजे तक तेज रफ्तार हवाओं के साथ बारिश होती रही। करीब साढ़े तीन घंटे की बारिश के बाद रास्ते डूब गए।

काली घटा से अंधेरा

मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक बादल छाए रहेंगे। छह और सात दिसंबर को भारी बारिश हो सकती है। जबकि इसके बाद आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तीन में एक या अधिक बार तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

पारा 30 डिग्री से नीचे

पहले रात में बारिश होने के बाद दिन में तेज धूप से तापमान में कमी नहीं आई थी। अब तीन दिनों से दिन में बारिश हो रही है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री कम होकर 25.8 डिग्री दर्ज किया गया।

मेरठ में आज से और राहत

मेरठ में दोपहर तक निकली धूप के ठीक उलट शुक्रवार को एकाएक मौसम ने रंग बदलते हुए फिर से चौंका दिया। दोपहर बाद एकाएक घने और काले बादल छाए और मेरठ शहर के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। करीब 30 मिनट तक हुई इस तेज बारिश से कई स्थानों पर जलभराव हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार शाम 5.30 बजे तक मेरठ में 8.8 मिमी बारिश हुई। इस दौरान हवा की गति 10 किमी प्रतिघंटा रही। दिन-रात का तापमान 32.5 एवं 24.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। गुरुवार के सापेक्ष दिन में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई, जबकि रात में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। इससे दिन का तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।