UP Weather: यूपी में शीतलहर, और बढ़ेगी सर्दी; 4 दिन में पड़ने लगेगा घना कोहरा
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आगे भी सर्दी बढ़ेगी। 2 पश्चिमी विक्षोभ संभावित हैं। चक्रवाती परिसंचरण के कारण ठंडी हवाओं का बहाव बना हुआ है। फिलहाल कोहरा हल्का है लेकिन चार दिन में बढ़ेगा। एक से दो दिन में तापमान में गिरावट संभव है। हवा की गति बढ़ी तो दिन में भी सर्दी का अहसास अधिक होगा।

UP Weather Update: दिसंबर की सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को कानपुर की रात अयोध्या के बाद सबसे सर्द रही। सीजन (नवंबर-दिसंबर) का सबसे कम पारा 06.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का मानना है कि दो डिग्री तक तापमान में कमी अभी भी संभव है। यूपी में भी शीतलहर ने दस्तक दे दी है। रात का पारा 7.7 डिग्री से गिरकर 6.7 डिग्री हो गया है। यह सामान्य से 3.4 डिग्री कम है। अयोध्या की रात सबसे सर्द 6.0 डिग्री रही। कानपुर नगर के साथ बरेली का भी पारा 6.7 डिग्री रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आगे भी सर्दी बढ़ेगी। दो पश्चिमी विक्षोभ संभावित हैं। चक्रवाती परिसंचरण के कारण ठंडी हवाओं का बहाव बना हुआ है। फिलहाल कोहरा हल्का है लेकिन चार दिन में बढ़ेगा।
दो डिग्री गिरेगा तापमान
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा। एक से दो दिन में अभी भी तापमान में गिरावट संभव है। हवा की गति बढ़ी तो दिन में भी सर्दी का अहसास अधिक होगा।
पछुआ के असर से लखनऊ में पारा 9.0 डिग्री पहुंचा
लखनऊ में दिसंबर की शुरुआत में ही तापमान में गिरावट हुई है। सोमवार-मंगलवार की रात इस सीजन की सबसे सर्द रही। रात का न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। दिन के तापमान में भी गिरावट रही, यह 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री नीचे आया है। इसकी वजह एक के बाद एक गुजरे दो पश्चिमी विक्षोभ रहे। इनके निकल जाने के बाद पछुआ की गति बढ़ गई। उच्च हिमालयी इलाकों से होकर आ रही यह हवा तापमान गिरा रही है।
आगरा में अठखेली कर रहा मौसम, फिर बढ़ा तापमान
वहीं, ताजनगरी आगरा में मौसम अठखेलियां कर रहा है। निचले तापमान में रोज उतार-चढ़ाव हो रहा है। बीते दिनों कम होने के बाद अब इसमें और बढ़ोत्तरी हुई है। सुबह और शाम की गलन में कमी आई है। आने वाले दिनों में भी बदलाव के आसार कम हैं।
मंगलवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़ गया। इसे 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री बढ़कर 11.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 96 रहा है। तापमान में बढ़ोत्तरी के कारण गलन में कमी आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, आठ दिसंबर तक दिन का पारा 23 और रात का पारा 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यानि कड़ाके की सर्दी शुरू होने में अभी देर है। यहां तेज सर्दी 15 दिसंबर के बाद शुरू हो सकती है। हालांकि दिल्ली में 5 दिसंबर से शीतलहर का अलर्ट है।
मेरठ में रिकॉर्ड सर्दी के आसार
ऊंचे पहाड़ों लगातार पश्चिमी विक्षोभ के असर से मेरठ में जल्द कड़ाके की सर्दी का आगाज होने जा रहा है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के शुरू होते ही मेरठ में तापमान तेजी से फिसल रहे हैं। सोमवार को न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मंगलवार को हवा के रुख में बदलाव हुआ और इसमें बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को मेरठ में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर से फरवरी तक के तीन माह में सर्द दिन और शीतलहर का असर ज्यादा रहने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज हो सकते हैं।
दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी, जल्द गिरेगा पारा
मंगलवार को उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रवाह रुकने से दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई। तापमान क्रमश: 26.2 एवं 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुए। इससे दिन में तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक और रात में 0.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। हवा की रफ्तार शांत रही। 48 घंटे बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रवाह बढ़ने से तापमान में फिर से गिरावट का दौर शुरू होने की उम्मीद है। 30 दिसंबर 2019 में मेरठ में दिन-रात में तापमान क्रमश: 7.3 और 2.5 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किए जा चुके हैं।




साइन इन