UP Weather Cold wave wreaks havoc in UP due to cold jet stream Meteorological Department makes scary prediction UP Weather: यूपी में जल्द नहीं थमेगा भीषण ठंड का कहर, मौसम विभाग ने की डराने वाली भविष्यवाणी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: यूपी में जल्द नहीं थमेगा भीषण ठंड का कहर, मौसम विभाग ने की डराने वाली भविष्यवाणी

यूपी में कड़ाके की सर्दी और गलन ने कहर ढाया हुआ है। शीतलहर के बीच बर्फीली हवाओं ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने नौ जनवरी तक कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही डराने वाली भविष्यवाणी भी की है।

Mon, 6 Jan 2025 08:56 PMYogesh Yadav हिन्दुस्तान, कानपुर वरिष्ठ संवाददाता
share
UP Weather: यूपी में जल्द नहीं थमेगा भीषण ठंड का कहर, मौसम विभाग ने की डराने वाली भविष्यवाणी

यूपी में कड़ाके की सर्दी और गलन ने कहर ढाया हुआ है। शीतलहर के बीच बर्फीली हवाओं ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। कोहरे की चादर में ज्यादातर इलाका ढंका हुआ है। कानपुर में तो सोमवार की सुबह कोहरा इतना घना था कि कहीं-कहीं दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। कानपुर की रात सूबे में सबसे ठंडी भी रही। मौसम विभाग ने नौ जनवरी तक कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही डराने वाली भविष्यवाणी भी की है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक जो पश्चिमी विक्षोभ बन रहे और मौसमी चक्रों से बदलाव आ रहा है उससे लगता है कि सब ट्रॉपिकल जेट कोल्ड स्ट्रीम थोड़ा नीचे बनी रहेगी और सर्दी को तीखा बनाती रहेगी। इसके 45 दिनों तक प्रभावी रहने की आशंका है। स्ट्रीम का असर पूरे प्रदेश में रहेगा।

बताया जा रहा है कि पश्चिमी विक्षोभ लगातार आ रहे हैं। इससे पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश का सिलसिला बना है। वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और हिमाचल के हिस्सों पर है। पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। 10 जनवरी से ताजा पश्चिमी विक्षोभ से प्रभावित होने की संभावना है। कानपुर में न्यूनतम तापमान प्रदेश में सबसे कम रहा। पारा 6.6 डिग्री रहा जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम था। इसी तरह दिन का तापमान 14.2 डिग्री रहा जो सामान्य से 5.4 कम रहा। सर्दी का अहसास तापमानों के बीच अंतर कम होने और बर्फीली धुंध, बादल व कोहरे के कारण रहा।

पश्चिमी विक्षोभों के साथ उत्तर-पूर्व की ओर से आ रही नमी का असर सोमवार को देखने में आया। विभिन्न मौसमी चक्रों के कारण हल्के बादलों के साथ धुंध और कोहरा भी छा गया। रविवार देर रात कोहरा घना हो गया जो सोमवार सुबह घना हो गया। पुलों व हाईवे पर कोहरा इतना घना था कि वाहन रेंगने पर मजबूर थे। शहरी क्षेत्र के बीच भी पहली बार घना कोहरा नजर आया। अधिकृत रूप से दृश्यता 40 मीटर घोषित की गई।

छह दिन से धूप को तरस रहे

नए साल से अब तक शहर में धूप यदा-कदा ही खिली है। सोमवार को भी सूरज के दर्शन नहीं हुए। लोगों को सुबह और शाम वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें कानपुर भी शामिल है। बर्फीली धुंध व कोहरे से शहर ढका रहेगा। फिलहाल शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा।

हवाएं चलीं तो होगी आफत

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि यदि मौसम कुछ साफ हुआ और बर्फीली तेज हवाएं चलीं तो सर्दी और कहर बरपाएगी। धुंध और कोहरा बना रहेगा। फिलहाल शीतलहर से राहत की संभावना नहीं है। पूरे प्रदेश में प्रतिकूल मौसम बना रहेगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।