up weather changes orange alert for rain today farmers worried imd alert mausam ki khabar UP Weather: यूपी में मौसम की बदली चाल, आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट; चिंता में किसान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

UP Weather: यूपी में मौसम की बदली चाल, आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट; चिंता में किसान

  • मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 अप्रैल को पश्चिमी और पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में कुछ स्‍थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 14, 15, 16 और 17 अप्रैल को भी पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

Sat, 12 April 2025 06:24 AMAjay Singh संवाददाता, कानपुर
share
UP Weather: यूपी में मौसम की बदली चाल, आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट; चिंता में किसान

UP Weather Update: उत्‍तर प्रदेश में मौसम की चाल बदली हुई है। पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी 12 अप्रैल को भी प्रदेश के कई हिस्‍सों में हल्‍की से मध्‍यम बारिश हो सकती है। तेज हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग ने कानपुर सहित कई जिलों में शनिवार के लिए भी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह बारिश ऐसे वक्‍त में हो रही है जब खेतों में गेहूं की फसल कटाई का काम चल रही है। जिन किसानों की फसल अब तक कट नहीं सकी है वे चिंता में हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 अप्रैल को पश्चिमी और पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में कुछ स्‍थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 14, 15, 16 और 17 अप्रैल को भी पूर्वी उत्‍तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 17 अप्रैल का पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश में भी कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

मौसमी उथल-पुथल जारी

देश भर में बने दस मौसमी सिस्टम के चलते उत्तर प्रदेश में भी मौसमी उथल पुथल जारी है। कानपुर में पिछले 24 घंटों में कुल 14.2 मिमी बारिश के बाद दिन और रात के तापमानों में गिरावट दर्ज की गई है। दिन का पारा 4.2 डिग्री कम हो गया है। अप्रैल में पहली बार दिन-रात का पारा सामान्य से कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को भी हल्की बारिश की संभावना है।

सीजन का सबसे कम पारा

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.4 से गिरकर 34.2 डिग्री हो गया। दिन का पारा सामान्य से 2.8 डिग्री कम रहा। अप्रैल में दिन का यह सबसे कम तापमान है। रात का पारा 20.8 से गिर

16 के बाद हीट वेव

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शनिवार को बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। रविवार को भी हल्की बारिश संभव है। इसके बाद मौसम साफ हो सकता है। 16 के बाद फिर से हीट वेव की स्थितियां बनने लगेंगी।

हवा की रफ्तार भी जारी

रात में हवा की गति 45-55 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई। इसकी औसत गति आठ किमी प्रति घंटा रही। हवा में नमी अधिक होने और घने बादलों के कारण इसमें ठंडक का अहसास रहा। रात में मौसम इतना अधिक सर्द हो गया कि लोगों को एसी, पंखे भी बंद करने पड़े।

लखनऊ में देर रात मौसम बदला, बूंदाबांदी हुई

एक पश्चिमी विक्षोभ के बाद दूसरा सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को देश के उत्तरी हिस्सों में तूफानी हवा के साथ बारिश हुई। देर रात लखनऊ में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के अनुसार देर रात से लेकर शनिवार की सुबह या दोपहर तक यही स्थिति लखनऊ और आसपास के जिलों में हो सकती है। इसके बाद विक्षोभ का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में दिखेगा।

अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के कारण दूसरा पश्चिमी विक्षोभ यूपी में प्रवेश कर चुका है। इसे बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा की ताकत मिल रही है। ऐसे में यह पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ते हुए ताकतवर होता जा रहा है। विक्षोभ का असर प्रदेश के पूर्वी जिलों और तराई में 14 अप्रैल तक रह सकता है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और लखनऊ में इसका असर 13 अप्रैल तक ही रहेगा।

बारिश से नहीं हुआ नुकसान, सर्वे रिपोर्ट में पुष्टि

लखनऊ में 10 अप्रैल को हुई बारिश को लेकर प्रशासन की ओर से कराए गए सर्वे की रिपोर्ट सामने आ गई है। सर्वे रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि बारिश से जिले में किसी प्रकार की फसलों को कोई क्षति नहीं हुई है। अपर जिलाधिकारी (वित्तीय एवं राजस्व) राकेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारियों की ओर से भेजी गई रिपोर्टें प्राप्त हो चुकी हैं। सभी रिपोर्टों का अध्ययन करने के बाद यह निष्कर्ष निकला है कि 10 अप्रैल को हुई बारिश से किसी भी क्षेत्र में कोई नुकसान नहीं हुआ है। जिलाधिकारी विशाख जी. ने बताया कि उन्होंने स्वयं भी 10 अप्रैल को कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्हें कहीं भी फसलों को क्षति की कोई जानकारी नहीं मिली थी। सर्वे रिपोर्ट भी इस बात की पुष्टि करती है कि फसलें पूर्णतः सुरक्षित हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।